देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम से शनिवार को मुलाकात की। भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने नेपाल को हराकर पहला महिला ब्लाइंड टी20 विश्व कप का खिताब जीता है। राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर उनकी खिलाड़ियों से मिलते हुए तस्वीरों को शेयर करने के साथ ही लिखा गया है कि पहली बार ब्लाइंड महिला टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। टीम ने राष्ट्रपति को ऑटोग्राफ वाला क्रिकेट बैट गिफ्ट किया। राष्ट्रपति ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी और कहा कि उनकी सफलता दूसरों को अपनी जिंदगी और करियर में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करेगी। राष्ट्रपति ने इस मौके पर टीम की तरफ से गिफ्ट की गई क्रिकेट बॉल पर भी साइन किया। विश्व विजेता टीम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुलाकात की थी और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को अपने हाथ से मिठाई भी खिलाते हुए विश्व कप जीत की शुभकामना दी थी।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी विश्व विजेता भारतीय टीम से मुलाकात की थी।
भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने बीते रविवार कोलंबो में खेले गए मुकाबले में नेपाल को 7 विकेट से हराया। टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले फिल्डिंग करने का फैसला किया था। नेपाल ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 114 रन बनाए थे। भारतीय टीम ने 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और ऐतिहासिक जीत हासिल की।
भारतीय दृष्टिबाधित टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया। लीग मैचों में भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से, ऑस्ट्रेलिया को 209 रन से, नेपाल को 85 रन से, अमेरिका को 10 विकेट से, और पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया।
इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से और फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराकर खिताब जीता। टूर्नामेंट की शुरुआत भारत में 21 नवंबर को हुई थी। भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).