रिपोर्ट : LegendNews
यूएस एयरफ़ोर्स एकेडमी की सेरेमनी में मंच पर लड़खड़ाकर गिर पड़े राष्ट्रपति बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन अमेरिकी प्रांत कोलोराडो में स्थित यूएस एयरफ़ोर्स एकेडमी की ग्रेजुएशन डे सेरेमनी के दौरान मंच पर लड़खड़ाकर गिर पड़े हैं.
ऐसा उस वक़्त हुआ जब वह मंच पर अपनी सीट की ओर बढ़ रहे थे. उनका पैर मंच पर रखी एक रेत की बोरी से उलझ गया जिससे वह लड़खड़ाकर गिर पड़े.
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को गिरता देखते ही वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वापस खड़े होने में मदद की.
हालांकि, इसके बाद वह बिना किसी मदद के अपनी सीट तक पहुंचे और बाद में अपनी कार की ओर दौड़कर भी गए.
व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर बेन लाबोल्ट ने बताया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बिल्कुल ठीक हैं.
ये पहला मौक़ा नहीं है जब 80 वर्षीय अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सार्वजनिक रूप से लड़खड़ाए हों.
इससे पहले एक बार वह अपनी साइकिल से गिर चुके हैं. और एक बार वह एयर फ़ोर्स वन की सीढ़ियों पर लड़खड़ा गए थे.
बाइडन के आलोचक उनकी बढ़ती उम्र की वजह से उनकी क्षमताओं को लेकर लगातार आशंकाएं जताते हैं. लेकिन बाइडन ने एक बार फिर चुनाव लड़ने का एलान किया है. इस बार अगर वह चुनाव जीतते हैं तो वह 82 वर्ष की उम्र में अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे.
अमेरिका के 76 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी प्रांत आइवो में आयोजित रैली के दौरान ये ख़बर मिलने पर हैरानी जताते हुए पूछा कि ‘क्या वह सच में गिर गए?”
इसके बाद उन्होंने कहा कि “मैं उम्मीद करता हूं कि उन्हें चोट नहीं लगी होगी. आपको इसे लेकर काफ़ी सचेत रहना होता है.”
Compiled: Legend News

Recent Comments