मथुरा। आगामी गुरू पूर्ण‍िमा पर गोवर्धन के विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा (करोड़ी) मेले को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर गोवर्धन तहसील परिसर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बुधवार को आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एस. के. भगत की अध्यक्षता में एक वृहद समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कमिश्नर नगेन्द्र प्रताप , डीआईजी शैलेश पांडेय ,जिलाधिकारी सीपी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार विकास प्राधिकरण की उपाध्य्क्ष लक्ष्मी एन. सहित सभी संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में विशेष रूप से मंदिर प्रबंधकों, सेवायतों और संत समाज के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। उन्होंने प्रशासन के साथ अपने पिछले वर्षों के अनुभव और मेले को लेकर अपनी अपेक्षाएं साझा कीं, जिसके आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की रणनीति तैयार की गई।

एडीजी एस. के. भगत ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन और विभिन्न सेक्टर्स में विभाजित किया गया है। सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे क्षेत्र में अस्थाई पुलिस चौकियां और नए पुलिस बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। मेले के दौरान पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे पारियों में मुस्तैद रहेंगे। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग पार्टियां गश्त करेंगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
​एडीजी ने स्पष्ट किया कि पिछले वर्षों के अनुभवों से सीख लेते हुए जो भी छोटी-मोटी कमियां रह गई थीं, उन्हें इस बार पूरी तरह दूर किया जाएगा। साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एस. के. भगत, ADG (आगरा जोन) ने बताया कि एसएसपी और डीआईजी द्वारा मांगी गई सभी अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकताओं को जोन स्तर से पूरा कर दिया गया है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मेला पूरी तरह सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).