मथुरा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत जनपद में निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने कृषि उत्पादन मंडी समिति मथुरा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में उपलब्ध स्थान, भवनों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव हेतु स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल, पोलिंग पार्टियों के रवानगी एवं वापसी स्थल तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए उपयुक्त स्थान एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्व से ही आकलन कर लिया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा अथवा समस्या उत्पन्न न हो। मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, बैरियर, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पार्किंग तथा वाहनों के आवागमन मार्गों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है, जिसे स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करना होगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान संज्ञान में आने वाली आवश्यकताओं एवं व्यवस्थाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था का समय-समय पर परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए समय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

निरीक्षण में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर अखिलेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन नीतू सिंह, मंडी सचिव रेनू सहित अन्य अधिकारी/ कर्मचारी मौजूद रहे।

- Legend News

 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).