देहरादून, कोटा और अब प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी निजी विमान से दोपहर 2:20 बजे के करीब प्रयागराज पहुंच गए, जबकि उनको 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचने का समय निर्धारित था। शाम 6 से 8:30 बजे के बीच राहुल गांधी प्रयागराज के केपी ग्राउंड में छात्रों से संवाद करेंगे। 
राहुल गांधी पेपर लीक और लंबित भर्तियों को लेकर लगातार सरकार को घेर रहे हैं। इसी के चलते उन्होंने छात्रों से संवाद करने के लिए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की शुरुआत की है। पहले देहरादून, फिर कोटा और अब प्रयागराज के केपी ग्राउंड में राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 2 लाख छात्रों के जुटने का अनुमान है। कार्यक्रम स्थल पर छात्रों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
केपी ग्राउंड को सही किया गया
वहीं, प्रयागराज में बारिश के चलते केपी इंटर कॉलेज के मैदान (केपी ग्राउंड) में पानी भर गया। पानी कम होने के बाद से सुबह से ही मिट्टी-गिट्टी डालकर ग्राउंड को सही किया गया। छात्रों को पंडाल कार्यक्रम तक जाने के लिए रास्ता बनाया गया है। कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। 
प्रयागराज में पोस्टर वार
वहीं, राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को राजनीति भी शुरू हो गई है। पोस्टर वार के जरिए राहुल गांधी पर हमला बोला गया। प्रयागराज में तरह-तरह के पोस्टर लगाए गए। एक पोस्टर में राहुल गांधी को ‘छात्रों की आवाज’ बताते हुए स्वागत किया गया, तो दूसरे पोस्टर में झारखंड के छात्र मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा गया है। विरोधी पोस्टर पर लिखा है, ‘कब आओगे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है'। एक अन्य पोस्टर में राहुल गांधी और वरुण गांधी को साथ दिखाया, जिसमें वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल होने की बात कही गई है। 
विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी का पूरा कार्यक्रम साझा किया। उनके मुताबिक नेता प्रतिपक्ष शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों से संवाद और संबोधन करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और रात करीब 9:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).