रिपोर्ट : LegendNews
सौरव गांगुली की अपकमिंग बायोपिक 'दादा–द सौरव गांगुली स्टोरी' का पोस्टर जारी
सौरव गांगुली के जन्मदिन के खास मौके पर मेकर्स ने उनकी अपकमिंग बायोपिक 'दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला लुक पोस्टर जारी किया है। फिल्म के पहले पोस्टर में साल 2002 की ऐतिहासिक नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में सौरव गांगुली के शर्ट उतारकर हवा में लहराने वाले आइकॉनिक मोमेंट को रीक्रिएट किया गया है। हालांकि, लोगों को ये पोस्टर पसंद नहीं आया।
राजकुमार राव और सौरव गांगुली का कैप्शन
राजकुमार राव ने इस पोस्टर को शेयर कर सौरव गांगुली को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं, खुद सौरव गांगुली ने भी अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस पोस्टर को शेयर करते हुए लिखा, 'अब तक का सबसे बेहतरीन गिफ्ट! राजकुमार राव को मेरा कवर ड्राइव खेलते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार है।'
पोस्टर देखते ही भड़क उठे लोग
भले ही सौरव गांगुली को ये तोहफा पसंद आया हो, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस को राजकुमार राव का ये लुक बिल्कुल रास नहीं आ रहा है। पोस्टर के रिलीज होते ही यूजर्स ने इसकी खराब एडिटिंग और लुक को लेकर मेकर्स को ट्रोल करना शुरू कर दिया है। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'बिल्कुल अच्छा नहीं है। इससे बेहतर काम तो एआई कर देता!' दूसरे यूजर ने घबराते हुए लिखा, 'प्लीज नहीं! सर प्लीज इसे हटा दीजिए, बहुत फेक लग रहा है। अभी सिर्फ 29 सेकंड हुए हैं, प्लीज हटा दीजिए।' वहीं तीसरे यूजर ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, 'दादा का बहुत ही खराब एडिटेड पोस्टर। मजाक चल रहा है यहां।'
फिल्म की स्टार कास्ट
क्रिटिसिज्म के बीच, फिल्म की स्टार कास्ट और मेकर्स की टीम काफी मजबूत नजर आ रही है। इस बायोपिक का निर्देशन मशहूर डायरेक्टर विक्रम आदित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि इसको प्रोड्यूस लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा किया जा रहा है। फिल्म में सौरव गांगुली का रोल राजकुमार राव, डोना गांगुली (पत्नी) का किरदार तान्या मानिकतला, निरूपा गांगुली (मां) की भूमिका अपराजिता आढ़्या और चंडी गांगुली (पिता) का रोल शाश्वत चटर्जी निभाते नजर आएंगे।
क्या होगी फिल्म की कहानी?
मेकर्स के अनुसार, इस फिल्म में सौरव गांगुली के क्रिकेटर बनने से लेकर भारत के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में से एक बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। फिल्म में उनके करियर को आकार देने वाले उनके अटूट संकल्प, जुझारूपन और भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदलने में उनकी भूमिका पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
कब रिलीज हो रही है ये फिल्म?
मेकर्स ने पोस्टर रिलीज करने के साथ-साथ इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान किया है। ये फिल्म 14 मई 2027 के दिन बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।
बॉक्स ऑफिस क्लैश
‘दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी’ जिस दिन रिलीज होने वाली है उसी दिन जाह्नवी कपूर, टाइगर श्रॉफ और लक्ष्य की ‘लग जा गले’ भी आने वाली है। मतलब बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों का क्लैश होने वाला है।
-Legend News

Recent Comments