रिपोर्ट : LegendNews
प्रधानमंत्री मोदी का शिरडी दौरा, मंदिर के दर्शन कतार परिसर व निलवंडे नहर नेटवर्क का किया उद्घाटन
शिरडी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शिरडी स्थित श्री साईबाबा समाधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पांच दशक से इस निलवंडे बांध का इंतजार था और आज पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि शिरडी मंदिर में दर्शन कतार परिसर का उद्घाटन से लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिरडी मंदिर में आज जिन भी योजनाओं का लोकार्पण या फिर शिलान्यास हुआ है इससे दर्शन कतार परिसर के पूरा होने से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को बहुत आसानी होगी।
गरीब कल्याण है सरकार का प्राथमिकता
पीएम मोदी ने अपने संबोधिन में कहा कि देश को गरीबी से मुक्ति, गरीब परिवारों को आगे बढ़ने का अवसर मिलना ही असली सामाजिक न्याय है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है। हमारी डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गरीब कल्याण है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश की अर्थव्यवस्था जैसे-जैसे बढ़ रही है गरीब कल्याण के लिए सरकार का भी बजट बढ़ रहा है।
मुफ्त इलाज के लिए खर्च हुए 70 हजार करोड़ रुपये
उन्होंने कहा कि आज महाराष्ट्र में 1.10 करोड़ आयुष्मान कार्ड दिए जा रहे हैं। ऐसे सभी कार्ड धारकों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की गारंटी है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज देने के लिए देश ने 70 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। गरीबों को मुफ्त राशन की योजना पर भी देश 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर चुका है। गरीबों के घर बनाने के लिए भी सरकार ने 4 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं। ये भी 2014 से पहले के 10 वर्षों की तुलना में करीब 6 गुना अधिक है।मोदी के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी थे। प्रधानमंत्री ने बाद में महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित निलवंडे बांध का 'जल पूजन' किया और बांध के बाएं किनारे के नहर नेटवर्क का उद्घाटन किया। इस 85 किलोमीटर लंबे नहर नेटवर्क से पानी के पाइप वितरण नेटवर्क की सुविधा से 182 गांवों को लाभ होगा। निलवंडे बांध का विचार पहली बार 1970 में आया था। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इसे लगभग 5,177 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। मोदी 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करने के लिए गोवा भी जाएंगे।
पीएम मोदी ने इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में निलवंडे बांध का जल पूजन किया, बांध के बाएं तट से संबंधित नहर नेटवर्क का उद्घाटन किया।
अहमदनगर सिविल अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई की आधारशिला रखी।
शिरडी मंदिर में दर्शनार्थी दीर्घा परिसर का उद्घाटन किया, जिसमें वातानुकूलित अमानती कक्ष, शौचालय, बुकिंग और प्रसाद काउंटर की सुविधा है।
कुर्दुवाड़ी-लातूर रोड रेलवे लाइन (186 किमी.) और जलगांव को भुसावल से जोड़ने वाली दो रेल लाइनों के विद्युतीकरण का उद्घाटन किया।
नमो शेतकारी महासम्मान निधि योजना शुरू की, महाराष्ट्र में 86 लाख से अधिक किसान योजना से होंगे लाभान्वित।
बता दें कि पीएम मोदी 5 साल बाद आज शिरडी के साईं बाबा समाधि मंदिर पहुंचे थे। यहां उन्होंने साईं मंदिर में नए दर्शन कतार परिसर का भी उद्घाटन किया, इसकी आधारशिला साल 2018 में रखी थी।
-Legend News

Recent Comments