महाराष्ट्र में दिल दहलाने वाले बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गहरा शोक व्‍यक्‍त किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘‘महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई भयानक बस दुर्घटना से मैं बहुत दुखी हूँ. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.’’
एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों को मुआवज़ा देने का एलान किया है.
उन्होंने लिखा, ‘‘बुलढाणा की बस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए दिए जाएंगे. घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.’’
गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस हादसे पर दुख जताते हुए एक ट्वीट किया है.
उन्होंने लिखा, ‘‘महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है. दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं. प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ.’’ 
क्या बोले देवेंद्र फडणवीस और बालासाहेब थोराट 
महाराष्ट्र बस हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को हृदय विदारक बताया है.
फडनवीस ने अपने ट्वीट में लिखा, "बुलढाणा ज़िले के पिंपलखुटा में पुणे जा रही विदर्भ ट्रैवल्स की निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 25 लोगों की मौत की घटना हतप्रभ करने वाली और हृदय विदारक है."
फड़नवीस ने लिखा, "इस हादसे में मारे गए लोगो को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस घटना में 8 लोग घायल हो गए और उन्हें सिंदखेड़ा राजा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत ख़तरे से बाहर है."
उनके अनुसार "मुख्यमंत्री एकनाथराव शिंदे ने इस हादसे में मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी. हम प्रशासन के संपर्क में हैं और हर तरह की मदद तुरंत मुहैया करायी जा रही है."
उन्होंने इस दुर्घटना के कारण के बारे में बताया, "पुलिस अधीक्षक द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस एक पुल से टकरा गई जिसके बाद डीजल टैंक फट गया और वाहन में आग लग गई." 
राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने भी दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है.
सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर किए एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "बुलढाणा जिले के सिंदखेड राजा में समृद्धि राजमार्ग पर दुर्घटना के बाद एक प्राइवेट बस में आग लगने से 25 यात्रियों की मौत हतप्रभ करने वाली और बहुत दुखद है."
मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने लिखा, "इस दुर्घटना में मृत यात्रियों को भावभीनी श्रद्धांजलि! हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि घायल यात्री शीघ्र स्वस्थ हो जाएं."
उन्होंने कहा, "समृद्धि राजमार्ग मौत का रास्ता बन गया है. सरकार को इस राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए." 
ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ़्तार
इस बीच राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग मंत्री गिरीश महाजन ने बताया है कि इस हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि इस हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर को खरोंच तक नहीं आई और वे कूद पड़े.
उन्होंने डीएनए के ज़रिए मारे गए लोगों की पहचान करने की बात भी कही है.
Compiled: Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).