महाराष्ट्र के पुणे स्थित नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) में आज रविवार को 149वें बैच की पासिंग आउट परेड आयोजित हुई। इस समारोह में सेना, वायुसेना और नौसेना के कुल 328 कैडेट्स ने एनडीए से पास आउट किया। इन कैडेट्स में भारत के साथ-साथ कुछ मित्र देशों के भी कैडेट्स शामिल रहे। इस विशेष अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
परेड में आकर्षक मार्च-पास्ट, सटीक ड्रिल और औपचारिक कमीशनिंग प्रक्रियाएं शामिल थीं, जो कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और देश सेवा के संकल्प को दर्शाती हैं। परेड को संबोधित करते हुए एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि आज एनडीए से निकलने वाले कैडेट्स केवल परिवारों के बेटे-बेटियां नहीं, बल्कि देश के भविष्य के रक्षक हैं। उन्होंने कहा कि मित्र देशों से आए कैडेट्स की उपलब्धियों पर भी भारत को उतना ही गर्व है। उन्होंने सभी कैडेट्स से ‘सेवा परमोधर्म’ की भावना को हमेशा अपने काम का मार्गदर्शन बनाने की अपील की।
इससे एक दिन पहले शनिवार को 216 कैडेट्स को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की बैचलर डिग्री प्रदान की गई। इनमें साइंस स्ट्रीम के 72, कंप्यूटर साइंस के 92 और आर्ट्स स्ट्रीम के 52 कैडेट्स शामिल थे। इसके साथ ही 18 विदेशी कैडेट्स को भी डिग्री दी गई, जो भारत के रक्षा सहयोग और प्रशिक्षण साझेदारी की मजबूती को दर्शाता है।
इसके अलावा बीटेक स्ट्रीम (नेवी और एयरफोर्स) के 112 कैडेट्स को तीन साल का कोर्स कम्प्लीशन सर्टिफिकेट दिया गया। इन कैडेट्स को उनकी अंतिम बीटेक डिग्री एक साल की अतिरिक्त ट्रेनिंग पूरी करने के बाद इंडियन नेवल अकादमी, एझिमाला और एयरफोर्स अकादमी, हैदराबाद में प्रदान की जाएगी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).