मथुरा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भाजपा मथुरा महानगर की ओर से शुक्रवार को कंकाली स्थित होटल मुकुंद धाम में संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि नीरज सिंह, मथुरा-वृंदावन विधायक एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, गोवर्धन विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह तथा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 मुख्य अतिथि नीरज सिंह ने कहा कि 14 अगस्त 1947 देश के इतिहास का ऐसा दिन है, जिसकी स्मृतियों में स्वतंत्रता की पूर्व संध्या के साथ विभाजन की पीड़ा भी जुड़ी हुई है। विभाजन केवल राजनीतिक सीमाओं का निर्धारण नहीं था, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित करने वाली मानवीय त्रासदी थी। लाखों परिवारों को अपना घर-बार, जमीन-जायदाद और मातृभूमि छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। अनेक लोगों ने अपनों को खोया और असंख्य परिवारों ने हिंसा तथा विस्थापन का दर्द झेला।उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय को याद कर उससे सीख लेना है। इतिहास को याद रखना इसलिए जरूरी है, ताकि ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो और देश की एकता एवं अखंडता और मजबूत हो। विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने जीवन को दोबारा खड़ा किया और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

नीरज सिंह ने कहा कि विभाजन की स्मृतियों को किसी समुदाय के प्रति नफरत के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की प्रेरणा के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी से इतिहास को सही संदर्भ में समझने तथा पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित एवं सशक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है और हम सभी को एक मजबूत, आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं एकजुट भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।

मंचासीन अतिथियों में विधान परिषद सदस्य ठाकुर ओम प्रकाश सिंह, पूर्व विधायक कारिंदा सिंह, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिंह धनगर, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, पूर्व अध्यक्ष मनीष गुप्ता, बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह तथा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष हीरा सिंह कुंतल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

मथुरा-वृंदावन विधायक एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि विभाजन केवल देश की सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह करोड़ों लोगों की जिंदगी बदल देने वाली त्रासदी थी। विस्थापन का दर्द झेलने वाले परिवारों के संघर्ष, त्याग और साहस को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि इतिहास से सीख लेकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि विभाजन की त्रासदी राष्ट्र की एकता और अखंडता के महत्व का एहसास कराती है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद देशवासियों ने नए सिरे से जीवन शुरू किया और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित और देश की एकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।  

मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने विभाजन के समय विस्थापित हुए परिवारों की पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके परिवार जनों को  प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने सम्मानित किया।एवं कार्यक्रम के उपरांत  मुकुंद धाम से भूतेश्वर तक मौन जुलूस निकाला गया तथा मौन जुलूस के माध्यम से विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का संचालन महानगर उपाध्यक्ष चंद्रपाल कुंतल ने किया। इस अवसर पर महामंत्री ज्ञानेंद्र राणा, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, ललित गौतम, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, मंत्री दीपक गोला, पूजा चौधरी, कल्पना गर्ग, नीलम पांडे, विजय शर्मा, अवधेश उपाध्याय, अश्वनी सैनी सहित भाजपा के महानगर एवं मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).