संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो गया है। विपक्ष के भारी हंगामे के बीच लोक सभा में कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे और फिर दिनभर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 
संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा में विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल की कार्यवाही अवरुद्ध हुई और बैठक शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। 
बैठक शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को कुछ दिवंगत पूर्व सदस्यों के निधन की जानकारी दी और सभा ने कुछ पल मौन रखकर दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अध्यक्ष ने महिला विश्वकप क्रिकेट और महिला कबड्डी विश्वकप में भारत की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद जैसे ही उन्होंने प्रश्नकाल शुरू करने का निर्देश दिया, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्य कुछ मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए अपने स्थानों पर खड़े हो गए। बाद में कुछ सदस्य आसन के समीप आ गए। बिरला ने विपक्षी सदस्यों से रचनात्मक भागीदारी निभाते हुए सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की।
अध्यक्ष ने कहा, आज शीतकालीन सत्र का पहला दिन हैं। सभी सदस्यों से अपेक्षा है कि वे रचनात्मक भागीदारी निभाएं। लोकतंत्र में सहमति, असहमति होती रही है, वैचारिक मतभेद भी होते हैं। लेकिन चर्चा, संवाद से ही समाधान निकलता है। पिछले सत्र में भी मैंने आपसे आग्रह किया था कि हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं और हमें अच्छी परिपाटियां और परंपराएं स्थापित करनी चाहिए।''
उन्होंने कहा, यह सदन नारेबाजी और तख्तियां दिखाने के लिए नहीं है। इसके लिए बाहर अवसर मिलते हैं। हमें जनता की कठिनाई, चुनौतियों और मुद्दों पर चिंता करनी चाहिए।
अध्यक्ष ने कहा कि वह सभी सदस्यों को उनकी बात रखने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराएंगे, लेकिन नियोजित तरीके से सदन को बाधित करना लोकतंत्र के लिए अच्छी परंपरा नहीं है।'' उन्होंने सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते हुए कहा कि यह महत्वपूर्ण समय होता है और इसे स्थगित करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।
विपक्ष के हंगामे के बीच ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य अनुराग शर्मा ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से संबंधित पूरक प्रश्न पूछे, जिनके केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने उत्तर दिए। हालांकि, शोर-शराबा नहीं थमने पर लोकसभा अध्यक्ष ने बैठक 12 बजे तक स्थगित कर दी। इसके बाद कार्यवाही 12 बजे शुरू हुई, लेकिन हंगामे के कारण फिर दोपहर 2 बजे तक और फिर दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। संसद के शीतकालीन सत्र का आज पहला दिन है। 
सभापति से दोनों पक्षों के साथ न्याय करने की अपेक्षा: खड़गे ने रास में कहा 
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने, संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को उपराष्ट्रपति और उच्च सदन के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी सदन में कार्यवाही के सुचारू संचालन में पूरा सहयोग देगी। साथ ही खड़गे ने सभापति से दोनों पक्षों के साथ न्याय करने की अपेक्षा भी जताई। राज्यसभा में राधाकृष्णन को सभापति के रूप में उनके पहले सत्र के पहले दिन बधाई देते हुए खड़गे ने उनके पूर्ववर्ती उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का भी उल्लेख किया, जिस पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने विरोध जताया। विपक्षी दलों की ओर से सभापति का स्वागत करते हुए खड़गे ने कहा कि कांग्रेस “संवैधानिक मूल्यों और सदन की प्रतिष्ठित परंपराओं” के साथ दृढ़ता से खड़ी है और कार्यवाही के संचालन में पूर्ण सहयोग देगी। उन्होंने कहा, “सदन की कार्यवाही का निष्पक्ष संचालन तथा सभी दलों के सदस्यों को समान अवसर प्रदान करना इस पद की विश्वसनीयता के लिए आवश्यक है।” खड़गे ने धनखड़ का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा, मुझे आपके पूर्ववर्ती के अचानक और अप्रत्याशित रूप से पद छोड़ने का उल्लेख करना पड़ रहा है…। मुझे निराशा है कि सदन को उन्हें विदाई देने का अवसर नहीं मिला। उनकी इस बात पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने विरोध जताया। सदन के नेता जे पी नड्डा ने कहा कि अगर अप्रासंगिक बातें की जाएंगी तो विपक्ष को यह भी याद होना चाहिए कि उसने पूर्व उप राष्ट्रपति को कैसे अपमानित किया था और उनके खिलाफ दो-दो बार अविश्वास प्रस्ताव भी विपक्ष ही लाया था। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने इस गंभीर अवसर पर धनखड़ के इस्तीफे का उल्लेख करने को लेकर विपक्ष के नेता की आलोचना की। रीजीजू ने कहा, माननीय नेता प्रतिपक्ष ने ऐसी बात क्यों उठाई जिसकी इस समय कोई आवश्यकता नहीं थी…। खड़गे ने सभापति से अपेक्षा जताई कि वह सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच संतुलन बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा, यदि आप दोनों पक्षों के बीच संतुलन रखेंगे तो बेहतर रहेगा। मैं आपको सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).