गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई के खिलाफ कई आरोप लगाए. उन्होंने सांसद और उनकी पत्नी एलिजाबेथ गोगोई पर पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख के साथ करीबी रिश्ते होने का आरोप लगाया.

सरमा ने कहा कि पाकिस्तानी कंपनी ने गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ को नौकरी दी और फिर उनका भारत तबादला कर दिया; वेतन का भुगतान अली तौकीर शेख ने किया. इतना ही नहीं गौरव की पत्नी एलिजाबेथ भारत से संबंधित विभिन्न जानकारियां एकत्र करती थीं और पाकिस्तानी नागरिक अली शेख को रिपोर्ट देती थीं.

भारतीय कंपनी में काम करते हुए गौरव की पत्नी एलिजाबेथ ने छह बार इस्लामाबाद की यात्रा की; एक अन्य गैर सरकारी संगठन में शामिल होने के बाद उन्होंने तीन बार पाकिस्तान की यात्रा की. सीएम सरमा ने कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव की पत्नी अपनी पाकिस्तान यात्रा को गोपनीय रखने के लिए अटारी सीमा से होकर ही जाती थीं, वह कभी विमान से नहीं जाती थीं.

साथ ही कांग्रेस नेता गौरव ने अपनी शादी से पहले दिसंबर 2013 में गोपनीय रूप से पाकिस्तान की यात्रा की थी; उस समय वह असम के मुख्यमंत्री के आवास पर ठहरे हुए थे.

सरमा ने दावा किया कि पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख ने 2010 से 2013 के बीच 13 बार भारत का दौरा किया; जिसका मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर भारत विरोधी माहौल बनाना था. उन्होंने कहा कि गौरव की पत्नी एलिजाबेथ ने नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद जलवायु परिवर्तन संबंधी कार्रवाई के बारे में आईबी के सूत्रों से जानकारी जुटाई.

इसके अलावा कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी पत्नी के पाकिस्तानी बैंक खाते का जिक्र नहीं किया. साथ ही गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ को भुगतान करने के लिए एफसीआरए नियमों का उल्लंघन किया गया.

मुख्यमंत्री ने आगे आरोप लगाया कि जब असम सरकार ने शेख से जुड़ी भारत विरोधी साजिश के आरोपों की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई, तो पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख ने किसी को बचाने की कोशिश में अपने सभी ट्वीट डिलीट कर दिए.

- Legend News


 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).