बॉलीवुड सुपरस्‍टार अजय देवगन गुरुवार 02 अप्रैल 2026 को 57 साल के हो गए हैं। साल 1991 में 'फूल और कांटे' से डेब्‍यू करने वाले अजय ने इस खास मौके पर अपने फैंस को एक शानदार तोहफा दिया है। उन्‍होंने अपने प्रोडक्‍शन हाउस के बैनर तले बनी सच्‍ची घटनाओं से प्रेरित शॉर्ट फिल्‍म 'हैप्‍पी बर्थडे जोशी' OTT पर रिलीज की है। 15 मिनट की इस थ्र‍िलर फिल्‍म की खास बात यह है कि ये पूरी तरह से AI यानी आर्टिफिश‍ियल इंटेलिजेंस से बनी है। इस फिल्‍म को अंशुल कुमार शर्मा ने डायरेक्ट किया है जबकि अजय देवगन और दानिश देवगन ने इसे प्रोड्यूस किया है।
अजय देवगन ने अपने भतीजे दानिश देवगन के साथ हाल ही लेन्‍स वॉल्‍ट स्‍टूडियोज (LVS) नाम के प्रोडक्‍शन होउस की शुरुआत की है। यह इस प्रोडक्‍शन की पहली फिल्‍म है। दानिश, अजय देवगन के दिवंगत भाई अनिल देवगन के बेटे हैं। वह इससे पहले अपने चाचा के साथ 'तान्‍हाजी' और 'रनवे 34' जैसी फ‍िल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर और क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। 
OTT पर कहां देखें Happy Birthday Joshi
'हैप्‍पी बर्थडे जोशी' शॉर्ट फिल्‍म को सीधे यूट्यूब पर रिलीज किया गया है। आप इसे Lens Vault Studios के यूट्यूब चैनल पर मुफ्त में देख सकते हैं। 
'हैप्‍पी बर्थडे जोशी' की कहानी
अंशुल कुमार शर्मा के डायरेक्‍शन में बनी फ‍िल्म Happy Birthday Joshi सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। यह मुंबई में रहने वाले एक छोटे शहर के कंप्यूटर जीनियस की कहानी है, जो अपनी निराशा भरी जिंदगी को एक ऐसी डिजिटल क्रांति में बदल देता है, जिससे पूरी दुनिया उसका नाम याद रखने पर मजबूर हो जाती है। यह 1990 के दशक में सेट 'जोशी' की असली कहानी है, जो भारत का पहला कंप्यूटर वायरस था। फिल्‍म एक डिजिटल थ्रिलर के रूप में आगे बढ़ती है, जिसमें 'जोशी वर्म' पूरी दुनिया में तबाही मचा देता है। यह वायरस कंप्यूटर को तब तक फ्रीज कर देता था, जब तक कि यूजर्स 'हैप्पी बर्थडे जोशी' टाइप नहीं कर देते थे। यह वायरस इतनी तेजी से फैलता है कि इसे रोकने के लिए एक बेहद जुझारू टीम की जरूरत पड़ती है। 
'Gen-AI थ्रिलर फ‍िल्‍म है हैप्‍पी बर्थडे जोशी'
इस शॉर्ट फ‍िल्म को एक 'Gen-AI' थ्रिलर बताया गया है, जो AI तकनीक को फ‍िल्म-निर्माण के साथ मिलाकर एक प्रयोगात्मक कहानी कहती है। मेकर्स अजय देवगन और दानिश देवगन का कहना है कि यह फ‍िल्म LVS की कहानी कहने की महत्वाकांक्षा का एक नया आयाम दिखाती है। यह AI-आधारित विजुअल कहानियों से आगे बढ़कर पूरी तरह से AI-निर्मित शॉर्ट-फॉर्म सिनेमा की ओर बढ़ रही है। इसे स्टूडियो के अपने इन-हाउस जेनरेटिव AI और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी इंजन Prismix Studios ने बनाया है। 
'टार्जन' फेम वत्‍सल सेठ ने ल‍िखी है कहानी
'हैप्‍पी बर्थडे जोशी' की कहानी 'टार्जन' फेम वत्सल सेठ ने लिखी है। शॉर्ट फ‍िल्म की रिलीज पर Lens Vault Studios के चेयरमैन, अजय देवगन कहते हैं, 'स्‍टूडियो की कल्पना हमने एक ऐसी जगह के तौर पर की गई थी, जहां कहानी कहने के नए-जमाने के तरीकों को आजमाया जा सके, जो आज के दर्शकों को पसंद आएं। यह फिल्‍म इसी सोच का एक आईना है, जहां टेक्नोलॉजी और भावनाएं एक साथ मिलती हैं।' 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).