रिपोर्ट : LegendNews
सावन शिवरात्रि पर डीएम एवं एसएसपी ने किया शिव मंदिरों में पूजन व निरीक्षण
मथुरा। पवित्र श्रावण मास एवं सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार ने श्री भूतेश्वर महादेव जी मंदिर तथा वृंदावन स्थित श्री गोपेश्वर महादेव जी मंदिर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, दर्शन एवं प्रवेश-निकास व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन शिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं तथा मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पवित्र श्रावण मास में जनपद में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखें तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखें।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निर्देश दिए कि मंदिर मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन, खोया-पाया केंद्र, महिला पुलिस की तैनाती तथा सोशल मीडिया सेल के माध्यम से अफवाहों पर निगरानी रखी जाएगी।
शिव मंदिरों के निरीक्षण के पश्चात् जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने वृन्दावन स्थित प्राचीन श्री राधा गोपाल मंदिर तथा ठाकुर श्री श्री राधा कृष्ण चन्द्रमाजू महाराज मन्दिर ब्रहमकुण्ड का भी निरीक्षण किया।
-Legend News

Recent Comments