उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने देश के परमाणु हथियार कार्यक्रम पर किसी समझौते की संभावना से इंकार कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सख्त मैसेज देते हुए उत्तर कोरिया की सीनियर अधिकारी किम यो ने कहा कि परमाणु शक्ति के रूप में हमारी स्थिति पर कोई बातचीत नहीं होगी। हम अमेरिका को बताना चाहते हैं कि उत्तर कोरिया किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने साफ किया कि उत्तर कोरिया परमाणु कार्यक्रम और हथियार बेहतर करने के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगा।
किम यो जोंग को देश के संचार और विदेश नीति में अहम शख्सियत माना जाता है। रविवार को उनका बयान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की उत्तर कोरिया यात्रा से ठीक पहले आया है। उत्तर कोरिया लंबे समय से परमाणु हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों पर जोर दे रहा है। उत्तर कोरिया ने साल 2023 में संविधान में अपनी परमाणु स्थिति को शामिल किया था। 
अमेरिका सपने देख रहा है 
किम जोंग उन की प्रभावशाली बहन ने उत्तर कोरिया को परमाणु-मुक्त बनाने की अमेरिकी कोशिश को पुराने जमाने का सपना बताकर खारिज कर दिया। अमेरिकी धमकियों के बावजूद उत्तर कोरिया अपने हथियारों का भंडार बढ़ाएगा। उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार संपन्न देश होने के दर्जे को कमतर आंकने वाले अमेरिकी दावे की कोई कानूनी अहमियत नहीं है।
किम यो जोंग ने इस दौरान यह भी कहा कि उत्तर कोरिया या कोई भी अमेरिका की एकतरफा बातों को मानने के लिए बाध्य नहीं है। उन्होंने अमेरिका की उस घोषणा को गलत जानकारी और बेबुनियाद दावा बताया, जिसमें कहा गया था कि डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग ने पिछले महीने बीजिंग में उत्तर कोरिया को परमाणु-मुक्त बनाने के साझा लक्ष्य की पुष्टि की है। 
किम जोंग बढ़ाएंगे परमाणु हथियार
साल 2019 में डोनाल्ड ट्रंप के साथ किम जोंग उन की अहम बातचीत नाकाम होने के बाद से ही उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है। उत्तर कोरियाई नेता परमाणु संपन्न देश के तौर पर अंतरराष्ट्रीय मान्यता चाहते हैं ताकि वे उत्तर कोरिया पर लगे अंतरराष्ट्रीय आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की मांग कर सकें।
परमाणु सामग्री बनाने वाले एक नए प्लांट के दौरे के दौरान बीते हफ्ते किम जोंग उन ने ऐलान किया कि उत्तर कोरिया देश की परमाणु ताकत को तेजी से बढ़ाएगा। किम जोंग उन ने हथियारों की एक फैक्ट्री का दौरा किया और पांच साल की योजना के तहत देश की मिसाइल उत्पादन क्षमता को ढाई गुना बढ़ाने का आह्वान किया है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).