नोएडा । नोएडा के सेक्टर-62 स्थित माॅडल टाउन गोल चक्कर पर बनने वाले जीरो आकार के स्काईवॉक का बुधवार को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने शिलान्यास किया।  स्काईवॉक 530 मीटर लंबा और चार मीटर चौड़ा होगा। माना जा रहा है कि इसके बनने से यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होगा। 

सेक्टर-62 के मॉडल टाउन गोल चक्कर पर बनाए जाने वाले इस स्काईवॉक को छिजारसी से भी जोड़ा जाएगा। इस प्रोजेक्ट को 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें करीब 40 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
 
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार 26.34 करोड़ की लागत से बनने वाला यह स्काईवॉक, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर खोड़ा कॉलोनी की तरफ बने फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) को जोड़ते हुए बनाया जाएगा। इसके बाद जीरो के आकार में बनाते हुए छिजारसी की तरफ बनेगा।
 
नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना ने बताया कि यह स्काईवॉक माॅडल टाउन गोल चक्कर के चारों तरफ जीरो आकार में बनेगा। आने वाले समय में यहां पर भी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को जोड़ते हुए नया एफओबी बनाया जाएगा। इसका डिजाइन ओरायन आर्किटेक्ट ने बनाया है। ये एफओबी सीधे तौर पर नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि इससे रोजाना करीब आठ लाख से ज्यादा लोगों को फायदा होगा, जो गाजियाबाद, हापुड़, दिल्ली, बुलंदशहर की तरफ से नोएडा आते हैं। उन्होंने बताया कि इस स्काईवाक को बनाने में करीब 26.34 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इस पर नोएडा की तरफ सेक्टर-62, 63 और छिजारसी की तरफ चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी।स्काईवॉक में राहगीरों को ऊपर चढ़ने में कोई परेशानी न हो इसके लिए नोएडा की तरफ एस्क्लेटर  लगाए जाएंगे। इसके अलावा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की तरफ पर दो लिफ्ट लगाई जाएंगी।
 
स्काईवॉक के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नोएडा भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, एसीईओ वंदना त्रिपाठी, एसीईओ सतीश पाल, महाप्रबन्धक एसपी सिंह, अशोक अरोड़ा, डीजीएम विजय रावल  सहित अन्य मौजूद रहे।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).