मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा आने वाली है नए बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराने लगी है। दिनभर लगने वाले जाम से यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि सड़क किनारे बने फुटपाथों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बची है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथों पर स्थायी और अस्थायी कब्जों के चलते लोगों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। मुड़िया पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होने की संभावना है, ऐसे में यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का यह भी कहना है कि कुछ प्रभावशाली और सत्ताधारी दल से जुड़े स्थानीय नेताओं के संरक्षण के कारण अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो पा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और यातायात पुलिस से मांग की है कि मुड़िया पूर्णिमा से पहले विशेष अभियान चलाकर फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, अवैध पार्किंग पर रोक लगे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को राहत मिल सके।

- राकेश कुमार स‍िंंह 'बंटी' 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).