अपनी दमदार एक्टिंग के लिए मशहूर एक्टर मनोज बाजपेयी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी एक्टिंग नहीं बल्कि उनकी आने वाली फिल्म का 'टाइटल' है। हाल ही में नेटफ्लिक्स ने अपनी नई फिल्म 'घूसखोर पंडित' का फर्स्ट लुक जारी किया, जिसमें मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस वाले के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म की पहली झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर विरोध का बवंडर खड़ा हो गया है और लोग इस नाम को समाज के एक वर्ग के प्रति नफरत फैलाने वाला बता रहे हैं।
मनोज बाजपेयी की फिल्म 'घूसखोर पंडित' पर मचा बवाल 
विवाद की मुख्य जड़ फिल्म का टाइटल- 'घूसखोर पंडित' है। जैसे ही फिल्म का पोस्टर और नाम वायरल हुआ, एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर #BoycottNetflix ट्रेंड करने लगा। लोगों का आरोप है कि फिल्म निर्माता जानबूझकर एक खास समुदाय यानी ब्राह्मणों को निशाना बना रहे हैं और उनके खिलाफ एक गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश की जा रही है। 
सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा 
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए लिखा, "हेलो नेटफ्लिक्स इंडिया, पंडितों और ब्राह्मणों के खिलाफ नफरत को सामान्य बनाना अब बर्दाश्त नहीं होगा। मैं इस मामले को कोर्ट तक ले जाऊंगा।" वहीं दूसरे ने सवाल उठाया, "क्या आप 'घूसखोर दलित' या 'घूसखोर मुस्लिम' जैसा नाम रखने की हिम्मत जुटा पाते? अगर नहीं, तो ब्राह्मणों को सॉफ्ट टारगेट क्यों बनाया जा रहा है? इसे तुरंत बदलिए या फिर बड़े स्तर पर बहिष्कार के लिए तैयार रहिए।" 
नेटफ्लिक्स और निर्माताओं को दी चेतावनी 
सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा थमता नहीं दिख रहा है। कई लोगों का कहना है कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर किसी एक समुदाय की छवि बिगाड़ना गलत है। विरोध कर रहे लोगों ने नेटफ्लिक्स से मांग की है कि फिल्म का नाम बदला जाए, वरना वह इसे भारत में बैन कराने और प्लेटफॉर्म का सब्सक्रिप्शन रद्द करने की मुहिम चलाएंगे। 
घूंसखोर पंडित के कौन है डायरेक्टर? 
फिल्म की बात करें तो मनोज बाजपेयी इसमें 'अजय दीक्षित' नाम के एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन रितेश शाह ने किया है और इसकी कहानी फेमस फिल्ममेकर नीरज पांडे ने लिखी है, जो 'स्पेशल 26' और 'ए वेडनेसडे' जैसी शानदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। 
'घूसखोर पंडित' में है तगड़ी स्टारकास्ट 
फिल्म में स्टार कास्ट भी काफी तगड़ी है। मनोज बाजपेयी के साथ नुसरत भरूचा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय और किकू शारदा जैसे कलाकार नजर आएंगे। लेकिन कलाकारों की लिस्ट कितनी भी लंबी क्यों न हो, फिलहाल सारा ध्यान फिल्म के विवादित नाम पर ही टिका है। अब देखना यह है कि नेटफ्लिक्स और मेकर्स जनता के भारी विरोध के बाद इस नाम को बदलते हैं या विवादों के बीच ही फिल्म रिलीज की जाएगी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).