नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने बाढ़ के मुश्किल समय में मदद के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया है। भारत के साथ-साथ चीन को भी शाह ने धन्यवाद दिया है। नेपाल में बीते महीने के आखिरी में आई बाढ़ से भारी तबाही मची है, जिसके बाद पड़ोसी देशों ने नेपाल की दिल खोलकर मदद की है। बाढ़ के बाद कई स्तरों पर जिन देशों ने नेपाल की बढ़-चढ़कर मदद की, उसमें चीन और भारत का नाम सबसे प्रमुख है।
बुधवार को नेपाल की संसद में बोलते हुए पीएम बालेन शाह ने कहा कि इतनी बड़ी आपदा के समय अंतर्राष्ट्रीय मदद लेने से इनकार करने का सवाल ही नहीं उठता था। नेपाल ने समय पर मदद पाने के लिए निजी क्षेत्र में दूसरे देशों के साथ तालमेल बिठाया। भारत और चीन ने हमें मदद रहते मदद पहुंचाई, जिससे बहुत चीजें समय रहते संभव हो सकीं। 
दोस्त देशों ने मदद की: शाह
नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संसद में कहा, 'हमारे मित्र देशों, चीन और भारत ने टेक्नीशियन भेजे थे। पहले ही दिन से उन्होंने इलाके में हुए नुकसान का अंदाजा लगाने और यह पता लगाने के लिए हमारी मदद की कि क्या उस जगह तक पहुंचना मुमकिन है। इव देशों ने हवाई सर्वे समेत कई तरह की जांच-पड़ताल की।'
शाह ने आगे कहा, 'भारतीय टेक्नीशियन जितनी जल्दी हो सका, दूर-दराज के इलाकों तक पहुंच पाए। यह एक असाधारण स्थिति थी। वहां कीचड़ और गाद इतनी ज्यादा थी कि ना सिर्फ खुदाई करने वाली मशीनों (एक्सकेवेटर) के लिए बल्कि सेना और आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों के लिए भी खड़े होने की जगह नहीं थी।' 
भारत की नेपाल को मदद
26 अगस्त को तिब्बत में ग्लेशियर टूटने से नेपाल में आई व‍िनाशकारी बाढ़ के बाद भारत की ओर से मदद की जा रही जहै। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को बताया कि नेपाल के लिए भारत का पांचवां राहत विमान रवाना हुआ है। यह विमान 11 सदस्यीय बचाव दल, विशेष बचाव उपकरणों और 5.5 टन जरूरी दवाइयों के साथ नेपाल भेजा गया है।
नेपाल की मदद के लिए भारत अब तक 68 टन से अधिक राहत सामग्री और विशेष बचाव दल भेज चुका है। भेजी गई राहत सामग्री में कंबल, स्लीपिंग बैग, मजबूत तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट शामिल हैं। इसके अलावा जरूरी दवाइयां, खाद्य पैकेट, सोलर लैंप, पानी शुद्ध करने की गोलियां और पोर्टेबल जनरेटर भेजे गए हैं।
नेपाल में 1100 से ज्यादा मौतें
नेपाल में 26 अगस्त को आई बाढ़ के बाद से लगातार बचाव अभियान जारी है और लगातार शव मिल रहे हैं। नेपाल पुलिस ने कहा है कि मंगलवार शाम तक 1,127 शव बरामद किए गए हैं। नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर लापता लोगों की संख्या अभी भी 4,858 है। ऐसे में अंदेशा है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
नेपाली अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है। कई लोग अभी भी जलविद्युत परियोजना की सुरंगों में फंसे हो सकते हैं। वहीं अज्ञात शवों को रखने के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है। अब तक बरामद किए गए शवों में से केवल कुछ की ही पहचान हो पाई है। अज्ञात शवों की डीएनए के जरिए पहचान की जाएगी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).