मुंबई में दिवाली पर प्रदूषण कम करने की अपील को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। अभिनेत्री दीया मिर्जा के 'प्रदूषण मुक्त दिवाली' अभियान को लेकर हुए विवाद पर मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने तीखी प्रतिक्रिया दी। रितु तावड़े ने कहा कि हम उन्हें किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं करेंगे। खासकर बीएमसी के आधिकारिक पोर्टल पर तो बिल्कुल नहीं। वह हमारी ओर से आयोजित किसी अन्य कार्यक्रम में भी हिस्सा नहीं ले सकतीं। क्योंकि वह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती हैं। 
मुंबई मेयर की खरी-खरी 
मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने जोर देकर कहा कि मेयर के तौर पर और भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए हमारा रुख एकदम साफ है। हम हिंदुत्व का विरोध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बीएमसी के आधिकारिक पोर्टल पर जगह नहीं देंगे। इससे पहले मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने आपत्ति जताई थी और इसके बाद बीएमसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उनका वीडियो हटा दिया था। 
त्योहार के बारे में ज्यादा नहीं जानती दीया मिर्जा 
केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने दीया मिर्जा के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दीया दूसरे धर्म से आती हैं और उन्हें त्योहार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। भारत का संविधान सभी धर्मों के लोगों को अपने-अपने त्योहार मनाने का अधिकार देता है। पटाखों के बिना दिवाली मनाने का कोई मतलब नहीं है। हालांकि इस दौरान इस बात का ध्यान जरूर रखा जाना चाहिए कि ज्यादा प्रदूषण न हो। इसके लिए गाइडलाइन पहले ही जारी की गई हैं और उनके तहत कुछ पटाखे जलाए जा सकते हैं। आठवले ने दीया के इस तरह त्योहार को लेकर बयान देने को गलत बताया और कहा कि इससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। उन्होंने अभिनेत्री के बयान का विरोध भी किया। 
दीया मिर्जा पर निशाना साधा
बीजेपी नेता श्रीकांत भारतीय ने भी दीया मिर्जा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा को दूसरों को दिवाली मनाने का तरीका बताने से पहले आत्मचिंतन करना चाहिए। हालांकि हमारी पार्टी किसी धर्म के विरोध में नहीं है, लेकिन दीया को अपने धर्म से जुड़े त्योहारों और परंपराओं पर भी बात करनी चाहिए। हिंदू समाज सदियों से पर्यावरण की चिंता करता आया है। कौन से पटाखे जलाने चाहिए और दिवाली किस तरह मनानी चाहिए, यह देश के लोगों को पता है। इसके लिए उन्हें दीया मिर्जा से सीख लेने की जरूरत नहीं है। 
दीया मिर्जा को दिवाली के पटाखों से दिक्कत
बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने इस विवाद को दूसरे हिंदू त्योहारों से भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा को दिवाली के पटाखों से दिक्कत है। कुछ बॉलीवुड हस्तियां और तथाकथित बुद्धिजीवी हर बार हिंदू त्योहारों के दौरान किसी न किसी मुद्दे पर सवाल उठाते हैं। होली के समय पानी की खपत, दही हांडी के दौरान सुरक्षा, नवरात्रि में शोर और गणेशोत्सव के समय प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों को लेकर सवाल किए जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव में भी बम और गोले गिरने से बड़े स्तर पर तबाही हो रही है और प्रदूषण फैल रहा है। जब दुनिया के दूसरे हिस्सों में युद्ध के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, तब इस पर उतनी चर्चा क्यों नहीं होती। बम और गोले दागने से जो प्रदूषण होता है, उसकी तुलना में दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले स्थानीय प्रदूषण कुछ भी नहीं है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).