प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट हटाए जाने के मामले में मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग की ओर से माफी मांगे जाने पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने कहा कि वह भी उस संसदीय समिति का हिस्सा हैं, जिसके अध्यक्ष निशिकांत दुबे हैं। उन्होंने बताया कि समिति ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया था और मेटा से जवाब के साथ माफी भी मांगी थी। 
उन्होंने कहा, "हमने यह चिंता भी जताई कि राष्ट्र विरोधी तत्वों और उनकी सामग्री को किस तरह बढ़ावा और प्रचार मिलता है। यह गंभीर विषय है और इस पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।" कंगना रनौत ने कहा कि मेटा द्वारा अपनी गलती स्वीकार करना सकारात्मक संकेत है। हम खुश हैं कंपनी ने गलती स्वीकार की। 
मार्क जुकरबर्ग ने किन मामलों में मांगी माफी?
सरकारी अधिकारियों के अनुसार मार्क जुकरबर्ग ने CSAM (बाल यौन शोषण से संबंधित कंटेंट), डीपफेक कंटेंट और प्लेटफॉर्म के संचालन में हुई कमियों को लेकर माफी व्यक्त की। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनी कानूनी जिम्मेदारियों का पालन नहीं करता है तो उसे इंटरमीडियरी के रूप में मिलने वाले संरक्षण पर सवाल उठ सकते हैं। 
Meta ने कंटेंट प्रमोशन को लेकर क्या स्वीकार किया?
सूत्रों के मुताबिक मेटा ने यह स्वीकार किया कि कुछ विशेष प्रकार के कंटेंट को प्रमोट करने के लिए बड़ी रकम ली गई थी। कंपनी ने यह भी माना कि अवैध कंटेंट को बढ़ावा दिया गया और उसे विशेष ऑडियंस तक पहुंचाने के लिए पेड प्रमोशन का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में Meta के प्रतिनिधियों को दोबारा भी तलब किया जा सकता है।
ग्लोबल अफेयर्स चीफ ने दिया लिखित बयान
अमेरिका से भारत आए Meta के चीफ ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर जोएल कैपलन ने लिखित बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट हटाए जाने की घटना पर उन्होंने कंपनी की ओर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से माफी मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह माफी Meta के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की ओर से दी गई है। 
आज होगी एक और अहम बैठक
सरकारी सूत्रों के अनुसार Meta के ग्लोबल अधिकारियों को गुरुवार को (आज) होने वाली एक और बैठक के लिए भारत में रुकने को कहा गया है। इस बैठक में केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव कंपनी के वैश्विक अधिकारियों और तकनीकी टीम के साथ एक बार फिर चर्चा करेंगे। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).