ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई ने एक संदेश में कहा है कि उनके पिता के "ख़ून का बदला हर हाल में" लिया जाएगा.
मोजतबा खामेनेई के नाम से जारी एक लिखित संदेश में कहा गया है कि युद्ध के पहले दिन इसराइल और अमेरिका हमले में मारे गए आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत का बदला लिया जाएगा.
पूर्व सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई के जनाज़े में शामिल होने वालों का शुक्रिया करते हुए उन्होंने अपने संदेश में कहा, "हम यह संकल्प लेते हैं कि आपके पाक ख़ून और इन दोनों युद्धों के सभी शहीदों के ख़ून का बदला इन अपराधी और बदनाम हत्यारों से लेंगे. यह बदला हमारी जनता की मांग है और इसे हर हाल में लिया जाएगा.
अपने ताज़ा संदेश में मोजतबा ख़ामेनेई ने कहा, इन अपराधियों की पूरी सूची हमारे पास मौजूद है. वो शांतिपूर्ण मौत का सपना अपने साथ क़ब्र में ले जाएंगे. उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि यह केवल मेरे या दूसरे अधिकारियों पर निर्भर नहीं है. हम रहें या न रहें, यह काम होकर रहेगा. जल्द ही दुनिया भर के आज़ादी पसंद लोग इस ज़िम्मेदारी का अपना हिस्सा निभाएंगे.
उन्होंने कहा, हमारी जनता इमाम हुसैन के ख़ून का बदला लेने वाली जनता है. इस महान राष्ट्र ने सालों तक अपने बेटों की क़ुर्बानी इमाम हुसैन के रास्ते में और उनके दुश्मनों के ख़िलाफ़ दी है. अब भी यह राष्ट्र उन्हीं और आज के हुसैनियों के ख़ून का बदला लेने के लिए खड़ा है. 
पिता की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता बने मोजतबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. वो न तो अली ख़ामेनेई की अंतिम यात्रा में दिखाई दिए, न ही उन्होंने कोई वीडियो या ऑडियो संदेश जारी किया है. अब तक उनके नाम से केवल लिखित संदेश ही जारी किए गए हैं. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).