रिपोर्ट : LegendNews
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी, भूकंप से पीड़ित अफगानिस्तान को भेजी राहत सामग्री
अफगानिस्तान इन दिनों प्राकृतिक आपदाओं और मानवीय संकट की मार झेल रहा है. हाल ही में भारी बारिश, बाढ़ और भूकंप ने वहां सैकड़ों लोगों की जान ले ली तथा हजारों घर तबाह हो गए. ठीक इसी समय जब पाकिस्तान अफगानिस्तान में हवाई हमले कर रहा है और तनाव चरम पर है, भारत ने अफगान लोगों के लिए मानवीय सहायता का नया कंसाइनमेंट भेजा है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल के मुताबिक अफगान लोगों को इस कठिन समय में भारत पूर्ण समर्थन दे रहा है. उन्होंने कहा कि बाढ़ और भूकंप से अफगान लोगों को हो रही कठिनाई के इस समय में भारत मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री पहुंचा रहा है. इसमें किचन सेट्स, हाइजीन किट्स, प्लास्टिक शीट्स, टारपॉलिन, स्लीपिंग बैग्स और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं.
अफगानिस्तान में मार्च के अंत और अप्रैल की शुरुआत में भारी बारिश और बाढ़ ने पूर्वी, मध्य और दक्षिणी प्रांतों को बुरी तरह प्रभावित किया. रिपोर्ट्स के अनुसार बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 77 लोग मारे गए तथा 137 से ज्यादा घायल हुए. सैकड़ों घर पूरी तरह नष्ट हो गए या क्षतिग्रस्त हुए. इसके अलावा चार अप्रैल को उत्तरी अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कई लोगों की मौत हुई.
अस्थिर और भुखमरी से जूझ रहा अफगानिस्तान
इन आपदाओं ने पहले से ही अस्थिर और भुखमरी से जूझ रहे अफगानिस्तान को और मुश्किल में डाल दिया है. इसी बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है. फरवरी-मार्च में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए, जिनमें काबुल समेत कई इलाकों को निशाना बनाया गया. अफगानिस्तान ने इन हमलों में सैकड़ों नागरिकों, बच्चों और अस्पतालों के प्रभावित होने का आरोप लगाया है. इस संघर्ष ने क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति को और जटिल बना दिया है. इन परिस्थितियों में भारत की पहल को खास माना जा रहा है. भारत ने सिर्फ बाढ़-भूकंप पीड़ितों के लिए ही नहीं, बल्कि मार्च में पाकिस्तानी हमलों के बाद घायलों के इलाज के लिए भी 2.5 टन इमरजेंसी मेडिकल सहायता भेजी थी. रंधीर जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि भारत अफगान लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करता है और इस चुनौतीपूर्ण समय में मानवीय सहायता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.
-Legend News

Recent Comments