रिपोर्ट : LegendNews
जनपद न्यायालय के कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर CM को भेजा ज्ञापन
मथुरा। दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ, शाखा जिला मथुरा की ओर से जनपद न्यायालय मथुरा के समस्त सम्मानित कर्मचारियों की भावनाओं, समस्याओं एवं जायज़ मांगों को ध्यान में रखते हुए माननीय कैबिनेट मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए उनके सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्ण समाधान की अपेक्षा व्यक्त की गई।
इस अवसर पर कर्मचारी संघ की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों के समाधान के लिए एकजुटता, सहयोग एवं लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। कर्मचारियों की एकता ही उनकी सामूहिक शक्ति है और अपने अधिकारों एवं हितों की आवाज को मजबूती से शासन तक पहुंचाना संघ का प्रमुख उद्देश्य है।
इस महत्वपूर्ण प्रयास को सफल बनाने में अपना अमूल्य समय, सहयोग एवं सहभागिता प्रदान करने वाले दीवानी न्यायालय, मथुरा के समस्त सम्मानित कर्मचारी साथियों के प्रति कर्मचारी संघ ने हृदय से आभार एवं कोटि-कोटि धन्यवाद व्यक्त किया।
संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि कर्मचारियों की जायज़ मांगों एवं समस्याओं पर शासन स्तर से सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्ण विचार करते हुए शीघ्र उचित कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर शाखा मथुरा के अध्यक्ष रूप किशोर शर्मा, सचिव राम नरेश शर्मा, जितेंद्र शर्मा, मनोज चौधरी, यशपाल, बबलू कुमार, पंकज वर्मा, विष्णु प्रभाकर आदि उपस्थित रहे।

Recent Comments