रिपोर्ट : LegendNews
मथुरा: सोए हुए प्रशासन को जगाने के लिए सड़क पर उतरी समाजवादी पार्टी
मथुरा। जनपद में व्याप्त प्रशासनिक भ्रष्टाचार, स्मार्ट मीटर की तानाशाही और किसानों की बदहाली के विरुद्ध आज समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर बड़ी संख्या में जुटे सपाइयों ने घंटा-घड़ियाल, मजीरा और ढोलक बजाकर "प्रशासन को नींद से जगाने" का काम किया। सपा के युवा और वरिष्ठ नेताओं के संयुक्त नेतृत्व में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
प्रमुख मुद्दे रहे स्मार्ट मीटर, किसान और कालाबाजारी
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मथुरा नगर निगम और विद्युत विभाग भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने मांग की कि
स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर रोक: जनता पर जबरन थोपे जा रहे प्रीपेड मीटरों को तुरंत बंद किया जाए और पुराने मीटर बहाल रखे जाएं।
किसान राहत: ओलावृष्टि से तबाह हुई फसलों का सम्मानजनक मुआवजा सीधे किसानों के खातों में भेजा जाए और मथुरा को तत्काल 'आपदा ग्रस्त' घोषित कर कृषि ऋण माफ किए जाएं।
गैस संकट का समाधान: शादियों के सीजन में गैस की कालाबाजारी पर रोक लगे और पारदर्शी वितरण प्रणाली सुनिश्चित हो।
अनूठा प्रदर्शन: शोर से जगाया 'कुंभकर्णी' प्रशासन
कलेक्ट्रेट परिसर में सपाइयों ने ढोलक और मजीरे की थाप पर सरकार विरोधी नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि जब जनता त्रस्त है, तब प्रशासन उत्सवों में व्यस्त है। इस सांकेतिक शोर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हुआ, तो यह गूंज आने वाले समय में एक बड़े जन-आंदोलन का रूप लेगी।
प्रदर्शन में उपस्थित प्रमुख नेतृत्व
इस विरोध प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ और युवा नेताओं ने एकजुटता दिखाई। मुख्य रूप से निम्नलिखित पदाधिकारी उपस्थित रहे:
भारत भूषण शर्मा (प्रदेश सचिव यूथ ब्रिगेड), राघवेन्द्र ठाकुर (पूर्व जिला अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड), राजन रिजवी (प्रदेश महासचिव अल्पसंख्यक सभा), ठाकुर किशोर सिंह, पवन चौधरी (राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी), युवजन सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष मुन्ना मलिक (पार्षद), तनवीर अहमद (पूर्व जिला अध्यक्ष), अंगद सिंह, अंकित वर्षणीय, अनिल अग्रवाल, जगेश्वर यादव, मुकेश सिकरवार, रानू यादव, रवि दिवाकर, अरुण दीक्षित, भगवती चतुर्वेदी, रवि यादव, छोटू ठाकुर, नरेश यादव, विशाल यादव, संदीप चौधरी, सादाब ख़ान, रमेश सैनी, विभोर गौतम, सौरभ चौधरी, राज पांडे, इमरान अब्बास, सतीश पटेल, साहुन ख़ान पूर्व जिला अध्यक्ष युवजन सभा,राजेन्द्र फेरारी , इनके अलावा सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
- Legend News

Recent Comments