रिपोर्ट : LegendNews
मथुरा: राजकीय संग्रहालय में 'भारत का विभाजन एक त्रासदी' पर विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का आयोजन
मथुरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय संग्रहालय, मथुरा, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, देश के विभाजन की त्रासदी तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत “भारत का विभाजन एक त्रासदी” विषय पर विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से भारत विभाजन के दौरान घटित घटनाओं, विस्थापन, पीड़ा तथा उससे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया। आगंतुकों एवं प्रतिभागियों ने प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई तथा विभाजन के इतिहास को समझने का प्रयास किया।
इसके साथ ही “आजादी के रंग, रंगोली के संग” विषय पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित विभिन्न आकर्षक रंगोली प्रस्तुत कीं। रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम की भावना को भी अभिव्यक्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में संग्रहालय की सहायक निदेशक डॉ प्रतिभा द्विवेदी द्वारा पुलिस मॉडर्न पब्लिक स्कूल को प्रथम, रामलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल को द्वितीय तथा एकता बाल मंदिर स्कूल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तीन सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किये गये।
कार्यक्रम के क्रम में “भारत का राष्ट्रीय गीत” विषय पर वन्दे मातरम् पाठ भी आयोजित किया गया। सामूहिक रूप से वन्दे मातरम् के गायन/पाठ से पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। उपस्थित प्रतिभागियों एवं संग्रहालय कर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संग्रहालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस की भावना को प्रदर्शित करने वाली सज्जा भी की गई। कार्यक्रम में संग्रहालय के प्रशांत श्रीवास्तव, मनीष कुमार, अनितेश वार्ष्णेय, रचना, ज्योति आदि कार्मिकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।
- Legend News

Recent Comments