रिपोर्ट : LegendNews
ठेकेदार की मनमानी से परेशान हैं मथुरा जिला अस्पताल के सफाई कर्मचारी
मथुरा। महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मियों का वेतन न मिलने से कर्मचारी गत कई साल से भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई वर्ष से शासन ने अपनी नई नीति के तहत ठेकेदार के माध्यम से सफाई कर्मचारियों से जिला अस्पताल में सफाई का काम कराया जा रहा है।
यहां कार्यरत कर्मचारी काम करने के बाद अपने वेतन के लिए शुरू से ही भटकते चले आए हैं। इसी समस्या को लेकर सफाई कर्मचारी नेता उत्तम चंद्र सहजना एवं प्रीतम सिंह आज जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने सीएमओ डॉ. राधावल्लभ व सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल को बताया कि यहां कार्यरत कर्मचारियों को उनकी मेहनत के अनुकूल वेतन नहीं दिया जा रहा। जो वेतन मिल रहा है वह शासनादेश के विपरीत है तथा इतना कम वेतन भी दो-दो महीने बाद मिलता है जिससे सफाई कर्मचारियों के परिवार संघर्ष कर रहे हैं।
नेता द्वय ने चिकित्सा अधिकारियों से आग्रह किया है कि वह ठेकेदारी के इस गलत क्रम को तोड़कर शासनादेश के अनुकूल समय से प्रतिमाह वेतन दिलवाने की व्यवस्था करें। इस संदर्भ में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ नीरज अग्रवाल ने बताया कि ठेकेदारी की योजना शासन की है। जिसे वह किसी भी प्रकार से समाप्त नहीं कर सकते। यदि इन्हें अपनी बात कहनी है तो लखनऊ जाकर शासन के अधिकारियों से मिलना पड़ेगा। उन्हीं के आदेश पर समस्या का निराकरण हो सकेगा।
- Legend News

Recent Comments