रिपोर्ट : LegendNews
शुभेंदु के CM बनते ही कोलकाता पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से ममता गायब
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आए बड़े बदलाव के बीच अब प्रशासनिक तंत्र में भी सत्ता परिवर्तन की झलक दिखाई देने लगी है। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी के सीएम बनते ही कोलकाता पुलिस के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल की गतिविधियों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। कोलकाता पुलिस ने अपनी फॉलोइंग लिस्ट से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को हटा दिया। उनकी जगह अब पुलिस हैंडल नरेंद्र मोदी और अमित शाह को फॉलो कर रहा है।
कोलकाता पुलिस ने ममता-अभिषेक को अनफॉलो किया
इस डिजिटल बदलाव को सिर्फ सोशल मीडिया एक्टिविटी नहीं, बल्कि बदलते सत्ता समीकरणों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। अब तक राज्य प्रशासन के डिजिटल नेटवर्क में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी प्रमुख रूप से जुड़े हुए थे, लेकिन चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद स्थिति तेजी से बदलती दिखाई दे रही है। भाजपा ने इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल कर राज्य में तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासन का अंत कर दिया है। ऐसे में कोलकाता पुलिस का यह कदम यह संदेश देता दिख रहा है कि प्रशासन अब नई राजनीतिक व्यवस्था के साथ तालमेल बैठाने की तैयारी में है।
सोशल मीडिया पर इस बदलाव को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। तृणमूल समर्थकों ने इसे प्रशासनिक अवसरवाद और ‘सत्ता के हिसाब से बदलती वफादारी’ बताया है। वहीं भाजपा समर्थकों का कहना है कि अब राज्य में ‘भयमुक्त प्रशासन’ का दौर शुरू होगा और सरकारी संस्थाएं निष्पक्ष तरीके से काम करेंगी। आपको बता दें आज (शनिवार) को शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। शुभेंदु ने बांग्ला में ईश्वर के नाम की शपथ ली। शपथ के बाद वे पीएम मोदी के पास गए और उन्हें झुककर प्रणाम किया।
-Legend News

Recent Comments