रिपोर्ट : LegendNews
जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल बनाना एक गलती थी: किरण बेदी
रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने 'जंतर-मंतर' को बंद किए जाने की अपनी मांग पूरी हो जाने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि इसे 'आधिकारिक प्रदर्शन स्थल' बनाना एक गलती थी, जिसे सालों तक सुधारा नहीं गया। बेदी ने यह भी याद दिलाया कि किस तरह दिल्ली में पहले भी प्रदर्शन स्थल बदलते रहे हैं और यह कभी पीएम आवास के नजदीक था। बेदी ने कई दलीलें देते हुए जंतर-मंतर को लेकर गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के फैसले पर अपना समर्थन जाहिर किया है।
पुडुचेरी की उपराज्यपाल रह चुकीं किरण बेदी ने बताया कि किस तरह उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन स्थल को एक से दूसरे जगह पर शिफ्ट होते देखा है। बेदी ने कहा, 'दिल्ली पुलिस में सेवा के दौरान मैंने प्रदर्शन स्थल को पीएम आवास, 70 के दशक में तीन मूर्ति मार्ग (तब इंदिरा गांधी का आवास) से लुटियंस दिल्ली की सड़कों, 80 के दशक में इंडिया गेट और बोट क्लब से जंतर-मंतर शिफ्ट होते देखा।'
20 जुलाई को सीजेपी के संसद चलो मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के संसद के बेहद नजदीक पहुंच जाने के बाद किरण बेदी ने जंतर-मंतर बंद करने की मांग सरकार से की थी। उन्होंने अब कहा है कि हर शहर में एक प्रदर्शन स्थल की आवश्यकता है, लेकिन इनकी योजना बनाने वाले इसके लिए जगह देना भूल जाते हैं। बेदी ने कहा, 'लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति, जिसे हम प्रोटेस्ट भी कहते हैं, के लिए हर शहर को एक खुले स्थान की आवश्यकता होती है, लेकिन देना भूल जाते हैं। शहरों के योजनाकार कृपया इसे नोट करें।'
बेदी ने बताया कि क्यों जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट बनाना थी गलती
पूर्व आईपीएस अधिकारी ने जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल बनाए जाने के पूर्व के फैसले को एक गलती बताते हुए कहा, 'संकरे रास्ते और संवेदनशील इमारतों-दफ्तरों के करीब होने की वजह से जंतर-मंतर प्रोटेस्ट साइड के लिए सबसे अनुपयुक्त जगह थी। इसके अलावा महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र कनॉट प्लेस कॉम्पलेक्स भी करीब है। मुझे लगता है कि उस समय के प्रशासन ने फैसला (जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट बनाने का) लेने में गलती की थी और अब तक इसे सही नहीं किया गया था। इसके दुष्परिणाम भी देखे गए हैं।'
बेदी ने और क्या कहा
बेदी ने कहा कि गृह मंत्रालय ने रामलीला मैदान और अन्य को चिह्नित किए हैं। शायद इसकी आवश्यकता महसूस कराने के लिए न्यायपालिका के दखल की आवश्यकता थी। अब हमें रामलीला मैदान के लिए एक स्पष्ट सुरक्षा और संचालन की रूपरेखा की जरूरत है। किरण बेदी ने इससे पहले 30 जुलाई को भी संसद की सुरक्षा और बाजारों में कारोबार प्रभावित होने की दलीलें देकर जंतर-मंतर को बंद करने की अपील थी।
-Legend News

Recent Comments