रिपोर्ट : LegendNews
PM मोदी के दौरे से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ बड़ा व्यापार समझौता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बड़ी घोषणा सामने आई है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा है कि भारत के साथ होने वाले व्यापार समझौते से न्यूजीलैंड के निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलेगा और शुरुआत से ही उसके 57 प्रतिशत निर्यात पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौता वहां के कारोबारियों के लिए नए अवसर खोलेगा। उन्होंने लिखा कि इस समझौते के बाद न्यूजीलैंड के व्यवसायों को भारतीय बाजार में बेहतर पहुंच मिलेगी।
यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित न्यूजीलैंड यात्रा से पहले हुई है। मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे। करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी।
बातचीत में अहम मुद्दा रहेगा व्यापार समझौता
भारत और न्यूजीलैंड ने इस साल की शुरुआत में लंबे अंतराल के बाद मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बातचीत फिर शुरू की थी। दोनों देश व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर काम कर रहे हैं।
प्रस्तावित समझौते में कृषि, तकनीक, सेवाओं और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
मोदी और लक्सन करेंगे द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस दौरान दोनों नेता व्यापार, वाणिज्य, रक्षा और रणनीतिक सहयोग समेत भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के संबंधों में आर्थिक और रणनीतिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण गति आई है और इस यात्रा के दौरान सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान न्यूजीलैंड के प्रमुख कारोबारी और खेल जगत के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
-Legend News

Recent Comments