पुलवामा। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में संभावित बड़ा आतंकी हमला टल गया है. जम्मू कश्मीर पुलिस ने यहां 5-6 किलोग्राम आईईडी बरामद किए हैं. पुलिस ने इसके साथ एक आतंकी को भी गिरफ्तार किया. इशफाक अहमद वानी नाम का आतंकी पुलवामा के अरिगम का बताया जा रहा है. पुलिस ने इस मामले में एक एफआईआर दर्ज की और मामले की जांच शुरू की है. कश्मीर जोन पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि आरोपी इशफाक के पास से लगभग 5-6 किलो आईईडी बरामद किया गया है. आरोपी हिरासत में है. बड़ी मात्रा में आईईडी की रिकवरी पिछले आतंकी हमले के बाद की गई है. पहले पुंछ और फिर राजौरी हमले में कई जवान शहीद हो गए. पुंछ में आतंकियों ने एक सैन्य वाहन को निशाना बनाया था. सेना की गाड़ी पर आतंकियों ने ग्रेनेड फेंके थे, जिससे गाड़ी में आग लग गई थी. इस हमले में पांच जवान शहीद हो गए थे.

सेना कर रही आतंकियों की तलाश, ऑपरेशन जारी
इस हमले के बाद सेना ने माछिल में आतंकियों को पकड़ने के लिए सर्च एंड कॉर्डन ऑपरेशन लॉन्च किया था. सेना के जवान राजौरी के कांडी जंगल में आतंकियों की तलाश में गए थे, जहां घात लगाकर आतंकियों ने उनपर हमला कर दिया. इस हमले में भी पांच जवान शहीद हुए. सेना राजौरी से बारामुला तक आतंकियों की तलाश में है. सेना ने इस दरमियान 4-5 आतंकियों को ढेर किया है.

G 20 की मीटिंग से पहले सुरक्षा के इंतजाम
इसी महीने 22-24 मई को यहां श्रीनगर में जी20 की एक मीटिंग शेड्यूल है. इसको ध्यान में रखते हुए सेना ऑपरेशन चला रही है. सेना ने बताया कि रविवार को किसी भी आतंकी से सामना नहीं हुआ है. सेना के ऑपरेशन का आज तीसरा दिन है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख मनोज पांडे भी शनिवार को यहां पहुंचे थे. राजौरी के 25 इन्फेंट्री डिविजन दौरे पर उन्होंने एलओसी की सुरक्षा का भी जायजा लिया. जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा भी रक्षा मंत्री के साथ मौजूद रहे.

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).