रिपोर्ट : LegendNews
रक्षा क्षेत्र में बड़ी डील: भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक संबंधों को मिली एक नई ऊंचाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंधों को एक नई ऊंचाई मिली है। अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में जकार्ता पहुंचे पीएम मोदी की उपस्थिति में दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जो भविष्य में रक्षा और तकनीकी सहयोग की नींव मजबूत करेंगे।
रक्षा क्षेत्र में बड़ी डील
इस यात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण रक्षा क्षेत्र में हुआ समझौता है। भारत ने इंडोनेशिया को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की आपूर्ति के लिए सहमति दी है। इसके अलावा इंडोनेशिया भारत के स्वदेशी अस्त्र (Astra) एयर-टू-एयर मिसाइल का भी आयात करेगा। DRDO द्वारा विकसित अस्त्र मिसाइल अपनी 'बियॉन्ड-विजुअल-रेंज' क्षमता के लिए जानी जाती है, जो दुश्मन के विमानों को सटीक निशाना बनाने में सक्षम है। भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त बैटरियां भी प्रदान करेगा।
साझा सहयोग का दायरा बढ़ा
रक्षा के साथ-साथ दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा और सहयोग के लिए एक नया ढांचा तैयार किया है। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता भरोसा रक्षा, सुरक्षा और समुद्री सहयोग को मजबूती दे रहा है। उन्होंने आपदा प्रबंधन और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की। साथ ही, भारत इंडोनेशिया में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता निर्माण (Capacity building) में भी योगदान देगा, जिससे वहां सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की पहुंच आसान होगी।
मिनरल्स और चुनावी तकनीक में सहयोग
दोनों देशों ने स्टील सप्लाई चेन के लिए जरूरी मिनरल्स और तकनीकों पर भी समझौता किया है। इसके अलावा, भारत अपनी चुनावी तकनीक का विस्तार करते हुए इंडोनेशिया में वहां की जरूरतों के अनुसार 'इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन' (EVM) विकसित करने में मदद करेगा। यह भारत की पोलिंग तकनीक विशेषज्ञता को दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्र तक पहुंचाने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान
इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान 'Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia' प्रदान किया। 1959 में स्थापित यह पदक असाधारण सेवा के लिए दिया जाता है। यह सम्मान पीएम मोदी के वैश्विक स्तर पर बढ़ते कद और भारत-इंडोनेशिया के बीच की गहरी रणनीतिक साझेदारी का प्रमाण है।
-Legend News

Recent Comments