मथुरा। मथुरा-वृंदावन क्षेत्र की जनता को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने तथा लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। व‍िगत द‍िवस 03 नवंबर 2026 को आयोजित नगर निगम मथुरा-वृंदावन की बैठक में प्रस्ताव संख्या 01 के अंतर्गत लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत वाली 100 एमएलडी क्षमता की एमबीवीआर तकनीक आधारित यमुना जल शुद्धिकरण योजना का प्रस्ताव पारित हो गया। यह निर्णय क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को लेकर वार्ड संख्या 37 के पार्षद राजीव कुमार सिंह एडवोकेट द्वारा लगातार पत्राचार कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांग उठाई गई। पार्षद द्वारा दिनांक 22 मई 2026, 02 जुलाई 2026, 22 जुलाई 2026, 25 अगस्त 2026 एवं 21 सितंबर 2026 को इस विषय में पत्राचार किया गया। इन पत्रों के माध्यम से मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता, पानी में टीडीएस की बढ़ती मात्रा तथा आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को ध्यान में रखते हुए 100 एमएलडी एमबीवीआर तकनीक आधारित यमुना जल शुद्धिकरण योजना को लागू कराने का अनुरोध किया गया।

इस गंभीर जनसमस्या को लेकर लगभग 40 पार्षदों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से भी अपनी मांग उठाई। सामूहिक पत्र में मथुरा-वृंदावन की जनता को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर देते हुए, आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू कराने का अनुरोध किया गया। पार्षदों का उद्देश्य था कि पेयजल की समस्या का अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

योजना से संबंधित अभिलेखों के अनुसार, इसे लागू कराने के संबंध में महापौर महोदय के समक्ष विचारार्थ एवं अनुमोदन हेतु प्रस्ताव भेजा गया था। महापौर कार्यालय के पत्र संख्या 119/मका/ननि मवृं/2026-27, दिनांक 20 जून 2026 के माध्यम से विधिक राय प्राप्त होने के उपरांत अग्रिम कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। इसके क्रम में मुख्य नगर लेखा परीक्षक, नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा दिनांक 18 जुलाई 2026 को संबंधित कार्य पर मन्तव्य प्रस्तुत करने हेतु पत्राचार किया गया। तत्पश्चात मुख्य नगर लेखा परीक्षक द्वारा दिनांक 05 अगस्त 2026 को अपना मन्तव्य प्रस्तुत किया गया, जिसके अनुसार नियमानुसार आवश्यक संशोधनों सहित प्रकरण को बैठक में लाया जा सकता था।

लगातार पत्राचार, जनहित में उठाई गई मांग और पार्षदों के सामूहिक प्रयासों के बाद दिनांक 03 नवंबर 2026 की बैठक में प्रस्ताव संख्या 01 पारित होना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना से मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की उम्मीद मजबूत हुई है।

स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी

पार्षद राजीव कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि मथुरा-वृंदावन की जनता को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने लगातार पत्राचार कर इस विषय को माननीय महापौर, श्रीमान नगर आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया। उन्होंने प्रस्ताव पारित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब आवश्यक है कि संबंधित विभाग नियमानुसार आगे की कार्यवाही शीघ्र पूरी कर योजना को धरातल पर उतारें, ताकि आम नागरिकों को पेयजल की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि यह किसी एक वार्ड का नहीं, बल्कि पूरे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य और जनहित से जुड़ा विषय है। योजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, जिससे क्षेत्रवासियों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।

सामूहिक मांग उठाने वाले पार्षदगण

इस जनहित के विषय पर सामूहिक पत्र के माध्यम से मांग उठाने वाले तथा हस्ताक्षर करने वाले पार्षदों में राजीव कुमार सिंह एडवोकेट पार्षद, श्रीमती रेनू तिलकवीर चौधरी पार्षद, निरंजन सिंह पार्षद, मुन्ना मलिक, तरुण कुमार सेनी, चन्दन आहूजा, कुलदीप पाठक एडवोकेट, मनोज कुमार शर्मा एडवोकेट, नीलम गोयल, अभिजीत कुमार, विकास दिवाकर, संजय अग्रवाल, डॉली पौनि‍याँ, राकेश भाटिया, उमा, मुनेश दीक्षित, कृष्णा, राकेश यादव, प्रियंका, पुष्पा देवी, गुलशन, राजेन्द्र प्रसाद, हेमलता धनगर, पूनम तिवारी, लक्ष्मन सैनी, देवेन्द्र कुमार, जितेन्द्र सिंह, सुरेश निषाद, मुकेश सारस्वत, रजनी देवी, किरण देवी, कु० मोनिका, लीला, रूप किशोर वर्मा, कविता देवी, यतेन्द्र माहौर, संतोष पाठक, विवेक पाराशर, पुष्पा देवी, सरस्वती, नाजरा, मौ० अबरार शाम‍िल रहे।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).