मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर गहराए विवाद के बीच न्यायिक बिरादरी में भी उथल-पुथल मची हुई है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने रविवार को एक समारोह में कहा था कि लाखों भारतीय नागरिकों को उनके मताधिकार से वंचित करने वाली कोई भी प्रक्रिया मूल रूप से मनमानी और संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ है। जस्टिस भुइयां की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्य न्यायाधीश (Ex CJI) जस्टिस बीआर गवई ने सोमवार को कहा कि उन्हें SIR पर ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी, क्योंकि यह मामला सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन है। 
अब ममता गुट वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने पू्र्व सीजेआई गवई के खिलाफ हल्ला बोला है और उनसे अपना मुंह बंद रखने को कहा है। मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ट्वीट में लिखा, “मीलॉर्ड! आप चुप हो जाइए और रिटायरमेंट का आनंद लीजिए। बस चुप हो जाइए, प्लीज़। जब गोगोई ने अपने ही खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की सुनवाई की अध्यक्षता की, तब भी आप चुप थे; जब CJI चंद्रचूड़ ने मोदी को पूजा के लिए बुलाया, तब भी आप चुप थे; और जब अरुण मिश्रा ने मोदी की तारीफ की, तब भी आप चुप थे। इसलिए अब भी चुप हो जाइए।” 
किंतु-परंतु इस तरह की प्रक्रिया को सही नहीं ठहरा सकता
बता दें कि जस्टिस भुइयां ने रविवार को 'नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ' में '19वीं जस्टिस बीआर साहनी मेमोरियल मूट कोर्ट प्रतियोगिता' के समापन समारोह में कहा था कि लाखों भारतीय नागरिकों को उनके मताधिकार से 'वंचित' करने वाली कोई भी प्रक्रिया 'मूल रूप से मनमानी' और संवैधानिक व्यवस्था के 'खिलाफ' है। उन्होंने यह भी कहा था कि संविधान नागरिकों के दो वर्ग की व्यवस्था नहीं करता है-एक जिन्हें वोट देने का अधिकार हो और दूसरे जिन्हें ये अधिकार न हो। उन्होंने कहा था कि संविधान किसी भी तरह का किंतु-परंतु इस तरह की प्रक्रिया को सही नहीं ठहरा सकता। 
न्यायिक मर्यादा का पाठ
इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया में पूर्व प्रधान न्यायाधीश गवई ने कहा, ''न्यायिक मर्यादा उन्हें उस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने की इजाजत नहीं देती, जो अदालत में विचाराधीन है।''जस्टिस गवई ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के किसी भी मौजूदा न्यायाधीश को ऐसे मुद्दे पर बयान नहीं देना चाहिए, जिस पर उसी अदालत में सुनवाई लंबित हो। गवई के अलावा दिल्ली हाई कोर्ट के दो रिटायर्ड जजों जस्टिस एसएन ढींगरा और जस्टिस आरएस. सोढ़ी ने भी जस्टिस गवई के विचार से सहमति जताते हुए जस्टिस भुइयां की टिप्पणी पर सवाल उठाए थे। 
याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन
बता दें कि SIR प्रक्रिया और कई अन्य मुद्दों से जुड़ी याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं। इनमें चुनाव आयोग से संबंधित उस नए कानून की वैधता का मामला भी शामिल है, जिसमें चुनाव आयुक्तों के चयन संबंधी समिति से भारत के प्रधान न्यायाधीश को बाहर रखा गया है। जस्टिस भुइयां सार्वजनिक तौर पर चर्चा में रहने वाले मुद्दों पर अपने विचार रखने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में, नालसार हैदराबाद उस समय चर्चा में आया था, जब उसके कुछ छात्रों ने विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के किसी भी प्रस्ताव का विरोध करते हुए कुलपति, कुलसचिव और संस्थान के प्रोफेसरों को पत्र लिखा था। नालसार के कुलाधिपति रहेजस्टिस भुइयां ने रविवार को कहा कि उन्हें संस्थान के छात्रों पर गर्व होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, ''आपने देश और दुनिया को दिखाया है कि एक विश्वविद्यालय के छात्र, खासकर कानून के छात्र, को कैसा होना चाहिए। आप प्रतिभाशाली हैं, आप मुखर हैं और आप साहसी हैं।'' 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).