रिपोर्ट : LegendNews
महाशिवरात्रि: 12 ज्योतिर्लिंगों समेत काशी, मथुरा के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
नई दिल्ली। देशभर में आज महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। 12 ज्योतिर्लिंग और शिव मंदिरों में आधी रात से ही दर्शन-पूजन करने के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। महाकालेश्वर मंदिर में आज 10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
महाकाल मंदिर के पट रात 2.30 बजे से खुले हैं। दोपहर 1 बजे तक 2.20 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे साल में एक बार होने वाली भस्म आरती भी होगी।
महाकाल का दूल्हे के रूप में शृंगार करने के लिए 3 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। 100 किलो आंकड़े के फूल, सवा लाख बेल पत्र, 200 किलो देसी फूल से बना 11 फुट का सेहरा बनाया जाएगा।
मध्यप्रदेश के खंडवा में ओंकारेश्वर मंदिर को रात 3 बजे से दर्शन के लिए खोला गया है। यहां 24 घंटे तक लगातार दर्शन पूजन किया जाएगा।
एमपी के रतलाम में बने गढ़ कैलाश महादेव मंदिर में 11 लाख रुपए के नोटों से भगवान का शृंगार और सजावट की गई है। 10 के सिक्कों से तोरण बनाए गए हैं।
वहीं, काशी के विश्वनाथ मंदिर में रात 2:15 बजे मंगला आरती की गई। 3:30 बजे मंदिर दर्शन के लिए खुल गया। यहां रात से भक्तों की लंबी लाइन लगी है।
झारखंड के देवघर में बाबाधाम मंदिर में शनिवार को पंचशूलों की विशेष पूजा हुई। मंदिर के शिखरों पर पंचशूलों की पुनर्स्थापना के बाद बाबा बैद्यनाथ-माता पार्वती का गठबंधन हुआ।
महाशिवरात्रि के लिए बैजनाथ मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। भक्त भगवान शिव और देवी पार्वती के मिलन का जश्न बहुत खुशी और उत्साह के साथ मना रहे हैं।
ओडिशा: भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर में भक्तों की भीड़
ओडिशा में भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर, कटक के धबलेश्वर मंदिर, ढेंकनाल के कपिलाश मंदिर, भद्रक के अखंडलमनी मंदिर, बालासोर के चंदनेश्वर, संबलपुर के हुमा मंदिर, पुरी के लोकनाथ मंदिर, गजपति के महेंद्रगिरी, बोलनगीर के हरिशंकर मंदिर और कोरापुट जिले के गुप्तेश्वर में भक्तों की भारी भीड़ है।
मध्य प्रदेश: मंदसौर में भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करने भक्तों की भीड़
मंदसौर का पशुपतिनाथ लोक इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और परिसर की भव्यता व सुंदरता को निहार रहे हैं। सुसज्जित मार्ग, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। दर्शन के साथ-साथ लोग यहां की कलात्मक संरचनाओं और आध्यात्मिक माहौल का आनंद ले रहे हैं। शाम के समय रोशनी से सजा पशुपतिनाथ लोक और भी मनमोहक दिखाई देता है।
राजस्थान: कोटा में 525 शिवलिंगों पर एकसाथ जलाभिषेक
कोटा के थेकड़ा में 525 शिवलिंग शिवपुरी धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ है। यह शिवालय बहुत ही अनूठा है, जहां 525 शिवलिंग स्वास्तिक आकार में स्थापित हैं।
ओडिशा: पुरी बीच पर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन ने 17000 रुद्राक्ष से बनाया आर्ट
पुरी बीच पर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने 17,000 पवित्र रुद्राक्ष और 500 छोटे शिवलिंगों से विशेष आकृति बनाई।
प्रयागराज में 10 लाख लोगों ने किया महाशिवरात्रि पर स्नान
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम घाटों पर महाशिवरात्रि पर 10 लाख भक्तों ने पवित्र डुबकी लगाई। माघ मेला अधिकारी ऋषि राज ने कहा कि महाशिवरात्रि माघ मेले का आखिरी 'स्नान पर्व' है।
- Legend News

Recent Comments