महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम और दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने बारामती प्लेन क्रैश में सीबीआई जांच की मांग की है. मंगलवार (17 फरवरी) को एनसीपी नेताओं के साथ सुनेत्रा पवार सीएम से मिलीं. इस मुलाकात के बाद एनसीपी के नेता सुनील तटकरे ने बताया कि सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वो इसको लेकर राज्य सरकार केंद्रीय गृह मंत्रालय से करेगी. गौरतलब है कि 28 जनवरी को एक दर्दनाक हादसे में मुंबई से बारामती जाने के दौरान अजित पवार का विमान क्रैश हो गया और इसमें सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई.
सीएम को ज्ञापन सौंपा गया
सुनील तटकरे ने बताया कि मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री फडणवीस से एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद प्रफुल्ल पटेल, वरिष्ठ मंत्री हसन मुश्रीफ और युवा नेता पार्थ पवार ने भी मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मामले में बुधवार (18 फरवरी) को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को राज्य सरकार की ओर से पत्र भेजा जाएगा. राष्ट्रवादी कांग्रेस CBI जांच चाहती है, इस संबंध में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. मुलाकात में सीएम को ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
गंभीर अनियमितताएं और संदिग्ध परिस्थितियां
उड़ान दल (क्रू) की संरचना में अंतिम समय में किए गए बदलाव, जिनकी परिचालन स्वीकृति और निर्णय प्रक्रिया की जांच आवश्यक है
हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) संचार और रनवे अनुमति क्रम में स्पष्ट विसंगतियां
विमान में मौजूद महत्वपूर्ण सुरक्षा चेतावनी प्रणालियों की कार्यप्रणाली को लेकर चिंताएं
लैंडिंग चरण के निकट होने के बावजूद किसी भी आपातकालीन संचार का रिकॉर्ड न होना
क्रू की फिटनेस, विमान रखरखाव, अनुपालन और विमान प्रणाली से संबंधित पहलुओं का फॉरेंसिक मूल्यांकन आवश्यक होना
इस मामले में सीएम फडणवीस ने CID जांच के आदेश दिए थे. लेकिन CBI जांच होने पर अधिक व्यापक और गहन जांच संभव है. कई बार जब स्वायत्त एजेंसियां जांच करती हैं, तब विदेशी एजेंसियां भी विमान दुर्घटनाओं की जांच में शामिल होती हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस की मांग है कि इस मामले की गहराई से जांच हो और उठाए गए सभी मुद्दों पर जांच कर निष्कर्ष जल्द से जल्द राज्य ही नहीं बल्कि देश की जनता के सामने रखे जाएं.
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव पर चर्चा
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण से मुलाकात हुई. सुनील तटकरे ने बताया कि राज्य में हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के संदर्भ में महायुति के रूप में आगे कैसे बढ़ा जा सकता है, इस पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के साथ चर्चा हुई. भाजपा की क्या सोच है और राष्ट्रवादी कांग्रेस तथा शिवसेना की क्या भूमिका है, इस पर भी विचार-विमर्श हुआ. यह चर्चा सौहार्दपूर्ण और संतोषजनक रही. भाजपा एनडीए में हमारी प्रमुख सहयोगी पार्टी है, इसलिए मित्र दलों के सम्मान और आदर के साथ ही यह बातचीत हुई.
विधायकों की नाराजगी की खबरें निराधार
सुनील तटकरे ने विधायकों की किसी भी प्रकार की नाराजगी की सभी खबरों को काल्पनिक बताया. उन्होंने कहा कि विधिमंडल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और राज्य इकाई पूरी एकजुटता और संयम के साथ कार्य कर रही है. उपमुख्यमंत्री के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहीं सुनेत्रा पवार के नेतृत्व पर सभी को विश्वास है. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी लोग उनके पीछे मजबूती से खड़े हैं. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).