रिपोर्ट : LegendNews
मध्य प्रदेश: भोपाल के बड़े तालाब में मिलीं प्रेमी–प्रेमिका की लाशें, जांच शुरू
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बड़े तालाब स्थित बोट क्लब के पास बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने तालाब से प्रेमी –प्रेमिका की लाशें बरामद कीं। मामले की जांच में जुटी पुलिस को पता चला है कि दोनों भोपाल में ही बीते कई दिनों से लिवइन में रह रहे थे। महिला पहले से शादीशुदा थी लेकिन इसी साल 23 जनवरी को सागर में उसके पति की हत्या हो गई थी। तभी से वो मृतक पति के दोस्त के साथ रहने लगी थी।
मामले की जांच में जुटे श्यामला हिल्स थाने के एएसआई जगदीश परमार का कहना है कि बुधवार की सुबह साढ़े 8 बजे सूचना मिली कि बोट क्लब स्थित पंप हाउस के पास बड़े तालाब में एक महिला और एक पुरुष का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल गौताखोरों को सूचना दी और साढ़े 9 बजे तक रेस्क्यू कर दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी रवाना कर दिया।
मोपेड, दुपट्टा और चप्पलों से शुरु हुई जांच
पुलिस के अनुसार मौके पर महिला का दुपट्टा और दोनों की चप्पलें पड़ी मिलीं थीं। महिला के कपड़ों से दुपट्टे का मिलान किया जा चुका है। घटना स्थल पर ही एक संदिग्ध मोपेड भी खड़ी दिखी, जिसके बारे में पता चला है कि दोनों इसी मोपेड पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने बताया कि महिला मूल रूप से भोपाल के बागसिवनिया थाना इलाके की रहने वाली थी, जबकि पुरुष मूल रूप से सतना के टिकुरिया टोला का निवासी था लेकिन बीते कई महीनों से दोनों भोपाल में लिवइन में रहे थे।
सागर में हुई थी महिला के पति की हत्या
श्यामला हिल्स थाना प्रभारी आरवी सिंह विमल का कहना है कि दोनों भोपाल में लिव इन में रह रहे थे। महिला यहां सिलाई का काम किया करती थी। दोनों मोपेड से ही बोट क्लब आए थे। महिला की एक बेटी भी है। उसके पति की 23 जनवरी में सागर में हत्या हो गई थी। दुर्गेश उसके पति का दोस्त था। दोनों में पहले से जान-पहचान थी। पति की मौत के बाद महिला दुर्गेश के साथ रहने लगी। फिलहाल, पुलिस दोनों की आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
-Legend News

Recent Comments