रिपोर्ट : LegendNews
कोलकाता के DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
ईडी ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (DCP) शांतनु सिन्हा बिस्वास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया है। एजेंसी को आशंका है कि वह देश छोड़कर भागने की कोशिश कर सकते हैं। यह कार्रवाई अपराधी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में की गई है।
शांतनु बिस्वास से कई बार पूछताछ
ईडी के अधिकारियों के अनुसार बिस्वजीत पोद्दार द्वारा संचालित कथित आपराधिक सिंडिकेट से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत शांतनु बिस्वास को कई बार पूछताछ के लिए तलब किया गया था।
हालांकि, वह अब तक एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, दक्षिण कोलकाता के बालीगंज निवासी सोना पप्पू पर जमीन कब्जाने, रंगदारी वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
मनी लॉड्रिंग की जांच शुरू
इन आरोपों के आधार पर ईडी ने मनी लॉड्रिंग की जांच शुरू की थी। इस मामले में व्यवसायी जय कामदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के सिलसिले में ईडी ने हाल ही में फर्न रोड स्थित शांतनु बिस्वास के आवास पर छापेमारी भी की थी।
छापे के बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें और उनके दो बेटों—सायंतन और मनीष—को सीजीओ काम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन तय तारीख पर कोई भी उपस्थित नहीं हुआ।
रेत तस्करी में आया था नाम
इससे पहले ईडी ने रेत तस्करी से जुड़े एक अन्य मामले में भी शांतनु बिस्वास को तलब किया था। इस मामले में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की जा रही है। हालांकि, इस बार भी वह स्वयं उपस्थित नहीं हुए और उनकी ओर से वकील ईडी कार्यालय पहुंचे।
ईडी अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में शांतनु बिस्वास से पूछताछ जरूरी है। उनकी अनुपस्थिति और संभावित फरारी की आशंका को देखते हुए ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि वह देश से बाहर न जा सकें।
-Legend News

Recent Comments