युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने कम वक्त में अपनी एक अलग पहचाने बना ली है। वह अभी 15 साल के हैं और भारत ही नहीं बल्कि विश्व क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं। सलामी बल्लेबाज सूर्यवंशी ने आईपीएल में धमाल मचाने के बाद टीम इंडिया में एंट्री की। उन्होंने जुलाई 2026 में इंग्लैंड में इंटरनेशनल डेब्यू किया। वह इंग्लैंड में फ्लॉप रहे लेकिन जिम्बाब्वे में छाप छोड़ने में कामयाब रहे। वह भारतीय टी20 टीम के साथ एशियन गेम्स के लिए जापान भी गए। सूर्यवंशी को अभी तक भारतीय सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव को सूर्यवंशी की काबिलियत पर संदेह नहीं हैं। हालांकि, भारत के महान ऑलराउंडर कपिल ने सूर्यवंशी को आगाह किया है। उनका मानना है कि सूर्यवंशी को वर्ल्ड क्रिकेट में स्टार बनने के लिए लंबा सफर तय करना होगा। कपिल ने पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली का उदाहरण दिया, जिन्होंने तेजी से नाम कमाया और फिर गायब हो गए। कांबली का 90 के दशक में बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटरों में शुमार होता था मगर वह भारत के लिए 17 टेस्ट 104 वनडे ही खेल पाए। 
वैभव सूर्यवंशी कहीं गायब ना हो जाएं?
कपिल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, ''अभी बहुत जल्दी है। क्या उसमें काबिलियत है? हां। लेकिन क्रिकेट में ऐसे बहुत से लोग हुए हैं जो बहुत काबिलियत के साथ आए, फिर गायब हो गए। विनोद कांबली को देखिए। हम उसके बारे में क्या कहेंगे? वैभव 16 साल का है। उसे और तीन साल दें, फिर हम बात करेंगे। जब उसका लाइफस्टाइल बदलेगा तो उसकी सोच भी बदलेगी। तब हमें पता चलेगा कि अगले दो साल बाद वह कैसा दिखेगा। यह उसकी परफॉर्मेंस देखने से ज्यादा जरूरी है। हमने रोहित, विराट को देखा है। हमने सचिन को और पहले देख चुके हैं। उन्होंने हमें बहुत गर्व महसूस कराया। लेकिन आप हमेशा अगले हीरो की तलाश में रहते हैं। आप हमेशा पूछते हैं, 'अगला हीरो कौन है?' एक क्रिकेटर के तौर पर मुझे यह देखना पसंद है कि वह कौन सा युवा लड़का है जिसे वह मौका मिला है, जो विराट कोहली की जगह ले सकता है। और 15 साल तक खेल सकता है। मेरा दिमाग यही ढूंढता है।'' 
क्या वैभव सूर्यवंशी को दूसरे मैच में मिलेगा मौका?
वैभव सूर्यवंशी फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं। उन्हें लखनऊ में पहले टी20 में प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। हालांकि, सूर्यवंशी को भारतीय टीम मैनेजमेंट शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में दूसरे मैच में अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने के लिए भेज सकता है। संजू सैमसन खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। सैमसन पिछली चार पारियों में केवल 29 रन बना पाए हैं जिनमें उनका हाईएस्ट स्कोर 11 हैृ। एशियन गेम्स में सूर्यवंशी और अभिषेक ने ही पारी का आगाज किया था और सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। सूर्यवंशी ने अब तक मिले अवसरों पर यह साबित कर दिया कि वह खेल के छोटे प्रारूप के लिए उपयुक्त बल्लेबाज हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के पास कई तरह के शॉट हैं और वह अपने आक्रामक अंदाज से विपक्षी टीम को शुरू में ही दबाव में ला सकते हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).