भारतीय वायुसेना ने अपनी ताकत का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया है। 'वर्ल्ड डायरेक्टरी ऑफ मॉडर्न मिलिट्री एयरक्राफ्ट' (WDMMA) की वर्ष 2026 की ताजा 'ग्लोबल एयर पावर्स रैंकिंग' के मुताबिक, भारतीय वायुसेना दुनिया की छठी सबसे शक्तिशाली एविएशन फोर्स है। इस रैंकिंग में सबसे बड़ा उलटफेर यह है कि भारत ने वायुसेना की हवाई ताकत और मारक क्षमता के मामले में अपने पड़ोसी देश चीन को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, पाकिस्तान इस लिस्ट में बहुत पीछे खड़ा है। 
कौन है नंबर वन?
इस रैंकिंग में अमेरिका का एकतरफा दबदबा है। दुनिया की टॉप-5 एविएशन फोर्सेज में से चार केवल अमेरिका की हैं।
अमेरिकी एयरफोर्स: यह 242.9 के TvR स्कोर और 5,004 एयरक्राफ्ट के साथ दुनिया में नंबर वन है।
अमेरिकी नेवी: 142.4 TvR के साथ दूसरे स्थान पर है।
रूसी एयरफोर्स: 114.2 TvR के साथ तीसरे नंबर पर है। 
अमेरिकी आर्मी: 112.6 TvR के साथ चौथे स्थान पर है।
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स: 85.3 TvR के साथ पांचवें नंबर पर है।
अगर नौसेना या थल सेना की एविएशन विंग्स को हटाकर केवल देशों की मुख्य वायुसेना की तुलना की जाए, तो अमेरिका और रूस के बाद भारत तीसरी सबसे शक्तिशाली वायुसेना है। 
भारत बनाम चीन: कम एयरक्राफ्ट के बावजूद भारत कैसे है आगे?
ओवरऑल रैंकिंग में भारतीय वायुसेना 69.4 TvR के साथ 6ठे स्थान पर है, जबकि चीनी वायुसेना 7वें स्थान पर (TvR 63.8) है। संख्या बल की बात करें तो भारत के पास 1,716 सक्रिय एयरक्राफ्ट हैं, जबकि चीन के पास 3,733 (दोगुने से भी ज्यादा) एयरक्राफ्ट हैं।
भारत क्यों है चीन से बेहतर?
WDMMA रैंकिंग केवल विमानों की कुल संख्या नहीं गिनती, बल्कि यह TvR यानी 'ट्रू-वैल्यू रेटिंग' फॉर्मूले पर काम करती है। यह फॉर्मूला एयरफोर्स की क्वालटी का आकलन इन पैमानों पर करता है:
बेड़े का आधुनिकीकरण
हमला और रक्षा करने की रणनीतिक क्षमता
लॉजिस्टिकल सपोर्ट और ट्रेनिंग 
बेड़े का संतुलन (फाइटर, ट्रांसपोर्ट, स्पेशल मिशन एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर का सही मिश्रण)
इन पैमानों पर भारतीय वायुसेना चीन से काफी संतुलित है। भारतीय बेड़े में 4.5 जनरेशन के सुखोई (Su-30MKI), राफेल और तेजस जैसे फाइटर जेट्स का मजबूत कॉम्बिनेशन है जो इसे चीन पर गुणात्मक बढ़त दिलाता है। 
पाकिस्तान कहां खड़ा है?
अक्सर हवाई श्रेष्ठता का दावा करने वाला पाकिस्तान इस ग्लोबल लिस्ट में टॉप-10 तो दूर, टॉप-15 में भी जगह नहीं बना सका है। पाकिस्तान एयरफोर्स 879 एयरक्राफ्ट और 46.3 TvR स्कोर के साथ 18वें स्थान पर मौजूद है।
भारतीय नौसेना और थल सेना का भी जलवा
WDMMA केवल वायुसेना ही नहीं, बल्कि देशों की नेवी और आर्मी की एविएशन विंग्स का भी अलग से आकलन करता है। इस लिस्ट में भारत की अन्य सेनाओं ने भी अपनी जगह बनाई है:
भारतीय नेवी: 232 विमानों और 41.2 TvR के साथ 27वें स्थान पर है।
भारतीय आर्मी: 540 विमानों और 30.0 TvR के साथ 36वें स्थान पर है। 
चीन की नेवी इस लिस्ट में 15वें स्थान पर है, लेकिन पाकिस्तान की नेवी और आर्मी इस 107-यूनिट वाली ग्लोबल लिस्ट में अपनी जगह तक नहीं बना पाई हैं। बता दें कि यह रैंकिंग भारतीय नेवी और आर्मी की कुल ताकत को नहीं दर्शाती है, बल्कि इसमें केवल नेवी और आर्मी में एविएशन ताकत का जिक्र है। यानी भारतीय नेवी और आर्मी के पास कितने विमान हैं, उसके आधार पर यह रैंकिंग है। 2026 की यह ताजा रिपोर्ट साफ करती है कि आधुनिक युद्ध में केवल विमानों की 'संख्या' नहीं, बल्कि 'गुणवत्ता' और 'लड़ाकू अनुभव' मायने रखता है। इसी संतुलित और एडवांस बेड़े की बदौलत आज भारत एशिया में एक अभेद्य हवाई ताकत बन चुका है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).