रिपोर्ट : LegendNews
चौकी प्रभारी पर करणी सेना और भाकियू भानु का फूटा गुस्सा
मथुरा। थाना जैत क्षेत्र की चार धाम चौकी इन दिनों गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। चौकी प्रभारी पर एक नामजद हिस्ट्रीशीटर अपराधी के साथ मिलकर क्षेत्र में अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित कराने, गरीब दुकानदारों को धमकाने तथा शिकायतकर्ताओं का उत्पीड़न करने जैसे संगीन आरोप लगे हैं।
मामला उस समय और गरमा गया जब करणी सेना के प्रदेश सचिव ठाकुर कन्हैया सिंह अपने समर्थकों के साथ चार धाम मंदिर पहुंच गए और चौकी प्रभारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अलीगढ़ जनपद के थाना इगलास क्षेत्र के गांव दुमेड़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर रोहताश उर्फ विशाल और उसका साथी छोटू सोलंकी चार धाम मंदिर क्षेत्र में सक्रिय हैं। आरोप है कि दोनों चौकी प्रभारी के संरक्षण में फूल-माला विक्रेताओं, छोटे दुकानदारों और वाहन चालकों से चौथ वसूली का खेल चला रहे हैं। दुकानदारों से कथित रूप से प्रति माह 15-15 हजार रुपये की मांग की जा रही है। रुपये न देने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।
क्षेत्र में यह चर्चा भी जोरों पर है कि मंदिर गेट नंबर एक के समीप हिस्ट्रीशीटर के माध्यम से अवैध वाहन पार्किंग संचालित कराई जा रही है, जहां वाहन चालकों से जबरन वसूली की जाती है।
पीड़ितों का कहना है कि चौकी प्रभारी और हिस्ट्रीशीटर के बीच कथित सांठगांठ की सच्चाई मंदिर परिसर और चौकी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से सामने आ सकती है। बताया गया कि 10 जून को मामले की सूचना यूपी-112 को भी दी गई थी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर चौकी पुलिस के हवाले किया था, लेकिन बाद में उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब शिकायतकर्ता मनोज गौतम ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी उसकी मूल तहरीर दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि पुलिस ने अपने हिसाब से दूसरी तहरीर तैयार कर मुख्य आरोपी बताए जा रहे चौकी प्रभारी का नाम ही हटा दिया।
मनोज गौतम का यह भी आरोप है कि यूपी- डायल112 द्वारा पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर के साथी को भी कथित रूप से मोटी रकम लेकर थाना जैत से छोड़ दिया गया।
शिकायतकर्ता मनोज गौतम ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उनके तहेरे भाई पंकज गौतम को पुलिस कर्मी विकास गौतम ने कॉल कर कहा कि अपने भाई मनोज गौतम को लेकर थाना जैत जल्दी आ जा, एसओ साहब बुला रहे हैं। वह अपने भाई पंकज के साथ थाना जैत पर गया वहां जाते ही शंका हो गयी और थाने से चुपके से निकल लिया। पुलिस कर्मी विकास गौतम, और एसओ सोनू कुमार ने भाई पंकज को अपनी गिरफ्त में ले लिया और बुरी तरह धमकाते हुए कहा कि तेरा भाई मनोज कहां है। पंकज बताया कि मनोज पुलिस के डर की वजह से निकल गया है। पुलिस कर्मी व एसओ ने पंकज को फटकार लगाते हुए कहा कि तुम लोग सीओ सदर के यहां शिकायत करने क्यों गए, सारी नेतागिरी निकाल दी जाएगी, किसी झूठे केस में फंसा कर जीवन बर्बाद कर दिया जाएगा। पंकज ने कहा कि वह तो ड्यूटी पर मथुरा था। वह शिकायत करने नहीं गया, काफी विनती करने पर थाने से छोड़ा गया।
करणी सेना के प्रदेश सचिव ठाकुर कन्हैया सिंह ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा। वहीं भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर यशवीर सिंह राघव ने कहा कि जब कानून के रखवाले ही सवालों के घेरे में हों तो आम जनता का विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने अपने संगठन के पदाधिकारी पंकज गौतम के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मुख्य आरोपी चौकी प्रभारी के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
उधर सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और विवेचना एसएसआई विपिन तोमर को सौंपी गई है।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। अब सभी की निगाहें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर हैं कि जांच रिपोर्ट आने के बाद इस चर्चित मामले में क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल चार धाम चौकी से जुड़े आरोपों ने पुलिस विभाग की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- Legend News

Recent Comments