रिपोर्ट : LegendNews
कल्याणं करोति नेत्र संस्थान का शुभारंभ 22 जनवरी को
मथुरा। गोवर्धन रोड पर स्थित नवनिर्मित कल्याणं करोति नेत्र संस्थान का शुभारंभ 22 जनवरी 2025 को बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम से होगा। इसके साथ ही मथुरा जनपद में नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत होने जा रही है।
उक्त जानकारी देते हुए संस्थान के सचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि यह संस्थान अत्याधुनिक सुविधाओं, विश्वस्तरीय चिकित्सकों और 200 बिस्तरों की क्षमता के साथ नेत्र रोगियों के लिए एक नई आशा लेकर आ रहा है जिसमें 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग, लग्जरी वार्ड होंगे। संस्थान में बच्चों के नेत्र विकारों के लिए विशेष बाल नेत्र केंद्र की व्यवस्था है जिसके अंतर्गत आंखों के कैंसर जैसे गंभीर रोगों का इलाज भी यहां संभव होगा।
उत्तर भारत के इस सबसे बड़े नेत्र चिकित्सा संस्थान का लक्ष्य हर साल एक लाख से अधिक नेत्र रोगियों का सफल इलाज करना है। उन्होंने बताया कि यह संस्थान न केवल नेत्र चिकित्सा में अग्रणी होगा बल्कि नए चिकित्सकों को प्रशिक्षित करने का भी केंद्र बनेगा। यहां डिप्लोमा इन ऑप्टोमेट्री, बी.एस.सी. ऑप्टोमेट्री और नेत्र ऑपरेशन की अत्याधुनिक पद्धतियों जैसे फेको व एस.आई.सी.एस. की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही एम.बी.बी.एस. डॉक्टरों के लिए फेलोशिप और डी.एन.वी. प्रोग्राम भी प्रस्तावित है।
संस्थान में मोतियाबिंद, काला मोतिया, कॉर्निया, रेटिना और पलकों के रोगों का इलाज किया जाएगा जिससे एक ही छत के नीचे हर तरह के नेत्र रोगी को उचित निदान एवं समाधान मिल सकेगा। साथ ही हाई-क्वालिटी फ्रेम, ग्लास और चश्मों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। रोगियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक ओपीडी सेवाएं, लिफ्ट और सहज परिवहन की व्यवस्था की गई है।
सचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि संस्थान का ध्येय वाक्य ‘‘सेवा ही संकल्प’’ है। गोवर्धन रोड स्थित इस संस्थान में समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी। यह संस्थान शहर के गोवर्धन चौराहा से 8.5 किलोमीटर दूरी पर मथुरा-गोवर्धन मुख्य मार्ग पर स्थापित किया गया है ताकि हर समय रोगियों को साधन उपलब्ध रह सकें। उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।
कल्याणं करोति नेत्र संस्थान मथुरा को चिकित्सा के क्षेत्र में नई पहचान देने के साथ-साथ लाखों नेत्र रोगियों को रोशनी देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में संस्था 10 जनपदों में निःशुल्क नेत्र परीक्षण, दवाएं, चश्मे, और ऑपरेशन की सेवाएं प्रदान कर रही है। इस चिकित्सालय में शंकरा आई फाउंडेशन यूएसए का भी सहयोग मिल रहा है।
इसका अलावा संस्थान में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. ईशा गर्ग (डायरेक्टर, मेडिकल फेलो ऑरबिट एण्ड ओक्लोप्लास्टी एण्ड ओक्यूलर ओनोक्लोजी अरविंद आई हास्पिटल,) डॉ. प्रशांत गुप्ता (डायरेक्टर-एडमिनिस्ट्रेषन, एम.बी.बी.एस., एम.डी., रायल कॉलेज, लंदन), डॉ. प्रतिभा बंसल (पीडियट्रिक आप्थमोलोजी एम.बी.बी.एस.,एम.एस.,) डॉ. योगेश अग्रवाल (केटेरेक्ट सर्जन, एम.बी.बी.एस., डी.ओ.एम.एस., आप्थोमलोजी,) डॉ. सचिन शर्मा(ग्लूकोमा स्पेस्यलिस्ट केटेरेक्ट सर्जन, एम.बी.बी.एस., डी.एन.बी.आई., फीको इंग्लैंड, ई.सी.एफ.एम.जी. प्रमाणित यू.एस.ए.,) डॉ. निशा शर्मा (मेडिकल रेटिना एण्ड केटेरेक्ट सर्जन, एम.बी.बी.एस., डी.एन.बी. आप्थमोलोजी, फीको इंग्लैंड,) डॉ. पल्लवी शर्मा (केटेरेक्ट सर्जन, एमबीबीएस, एमडी एम्स आप्थमोलोजी,) डॉ. लोकेश मेहता,(केटेरेक्ट सर्जन, एम.बी.बी.एम., एम.एस., बी.एच.यू. आप्थमोलोजी) डॉ. जयंत शेखर गुहा,(डायरेक्टर रेटिना सर्विस) की टीम जोकि देश-विदेश में ख्यातिलब्ध चिकित्सक हैं, संस्थान के द्वारा अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह टीम संस्थान के नेत्र रोगियों को उच्चतम रोग निदान प्रदान करेगी।
सह सचिव सुनील भार्गव ने बताया कि संस्थान का शुभारंभ आनन्द वृन्दावन के संत स्वामी महेशानन्द सरस्वती महाराज, जगद्गुरू पीपाद्वाराचार्य बलरामदास देवाचार्य महाराज, संत प्रवर स्वामी गोविन्दानन्द महाराज, रामरज दास महाराज, संत विनोद बाबा महाराज, डॉ. स्वामी कौशल किषोर दास महाराज, स्वामी मधुसूदन महाराज (हरिद्वार) आदि के पावन सानिध्य में आयोजित होगा।
समारोह में मुख्य अतिथि नोबेल शांति पुरस्कार से विभूषित कैलाश सत्यार्थी, शेखर बजाज (चेयरमैन, जमुनालाल बजाज फाउण्डेशन), रमेश गनात्रा, उमा गनात्रा फैमिली फाउण्डेशन, मुरली कृष्णमूर्ति, चेयरमैन, शंकरा आई फाउण्डेशन, ललित, जगदीश कुमार ग्रोवर (मानव सेवा संस्थान, मुंबई), नारायणदास अग्रवाल (कुलाधिपति, जी.एल.ए. विवि), चौ. दीनानाथ अग्रवाल, आनंद अग्रवाल ( गोविंदराम गोयल चेरीटेबल ट्रस्ट,कोलकाता), अतुल शर्मा (वैद्यनाथ आयुर्वेद लिमिटेड, झांसी) आदि के अलावा देशभर के जाने माने उद्योगपति एवं विशिष्टजनों की उपस्थिति विशेष रहेगी।
- Legend News

Recent Comments