रिपोर्ट : LegendNews
जम्मू-कश्मीर: आतंकवादियों के साथ संबंधों के कारण दो SPO सेवा से बर्खास्त
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों के साथ संबंधों के कारण दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एसपीओ अब्दुल लतीफ और मोहम्मद अब्बास को पहले भी आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया था।
तत्काल प्रभाव से किया गया बर्खास्त
उन्होंने बताया कि कठुआ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने दोनों एसपीओ को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश दिया। दोनों पुलिसकर्मियों पर आतंकवादियों को सहायता प्रदान करने का आरोप है।
जम्मू के कई जगहों पर आतंकवाद रोधी सर्च ऑपरेशन
वहीं, दूसरी ओर जम्मू में आतंकवाद रोधी अभियान चलाया गया। कई जगहों पर छापेमारी की गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवादी संगठनों के खिलाफ जारी कार्रवाई का जम्मू के विभिन्न इलाकों में विस्तार करते हुए पाकिस्तान से सक्रिय स्थानीय आतंकवादियों एवं उनके ‘ओवरग्राउंड वर्कर्स’ (ओजीडब्ल्यू) को निशाना बनाया।
रामबन, कठुआ और राजौरी जिलों में भी चला सर्च ऑपरेशन
कश्मीर के संदर्भ में ओजीडब्ल्यू का मतलब उन व्यक्तियों से है जो आतंकवादियों को साजो-सामान उपलब्ध कराते हैं एवं उन्हें गुप्त गतिविधियां चलाने में मदद करते हैं। अधिकारियों ने कहा कि रामबन, कठुआ और राजौरी जिलों में कई जगहों पर व्यापक तलाशी और घेराबंदी अभियान जारी है।
सर्दियां आते ही मैदानी इलाकों में छिप रहे आतंकवादी
जम्मू के डोडा जिले में बड़े पैमाने पर जारी आतंकवाद-रोधी अभियान के बीच शनिवार को कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। यह खुफिया जानकारी मिलने के बाद तलाश अभियान तेज कर दिया गया कि ऊंचाई वाले इलाकों में सक्रिय आतंकवादी सर्दियों के लिए मैदानी इलाकों में सुरक्षित ठिकानों की खोज कर रहे हैं।
-Legend News

Recent Comments