लेबनान के बेरूत में दक्षिणी उपनगर दाहियाह में कई जगहों पर अभी भी भारी धुआं उठ रहा है. घर की खिड़की से कुछ जगहों को अब भी जलते हुए देखा जा सकता है. इसराइल के हवाई हमले सूरज निकलने तक जारी थे.
पूरी रात भारी धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं. लेबनान की सेना में जानने वालों का कहना है कि अधिकतर एयर स्ट्राइक में इसराइल ने बंकर तबाह करने वाले बम इस्तेमाल किए थे. उनका कहना है, “ये साफ़ है कि वो ज़मीन में मौजूद संभावित सुरंगों को तबाह करना चाहते थे.”
घटनास्थल पर बचाव और खोजी अभियान जारी है. इन जगहों से विस्थापित हुए लोगों ने पूरी रात सड़कों पर गुज़ारी है.
हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह के बारे में अभी भी विरोधाभासी रिपोर्टें हैं.
हिज़्बुल्लाह ने अभी भी न ही इसकी पुष्टि की है और न ही इसे ख़ारिज किया है कि वो ज़िंदा हैं या नहीं.
हालांकि, ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े मीडिया ने दावा किया है कि उनके पास इस बात की पुष्टि है कि वो ‘सुरक्षित जगह पर हैं और ज़िंदा हैं.’
लेकिन हिज़्बुल्लाह से नज़दीकी से जुड़े लोगों ने एक्स पर पोस्ट करके अपने समर्थकों से ‘नेता की सुरक्षा के लिए दुआएं करने को कहा है.’ 
इसराइल ने किया हिज़्बुल्लाह के मिसाइल यूनिट कमांडर को मारने का दावा
इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने दावा किया है कि दक्षिणी बेरूत में उसके हवाई हमलों में हिज़्बुल्लाह की मिसाइल यूनिट के कमांडर मुहम्मद अली इस्माइल और उनके डिप्टी हुसैन अहमद इस्माइल मारे गए हैं. आईडीएफ़ ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट करके ये जानकारी दी है.
इस पोस्ट में लिखा है, “अली इस्माइल इसराइल राष्ट्र पर कई आतंकी हमलों का निर्देश देने के लिए ज़िम्मेदार थे. जिसमें इसराइली क्षेत्र की ओर रॉकेट दाग़ना और बुधवार को सेंट्रल इसराइल की ओर ज़मीन से ज़मीन की ओर मिसाइल छोड़ना शामिल है.”
आईडीएफ़ ने ये भी बताया है कि इसके बाद हिज़्बुल्लाह के मिसाइल और रॉकेट फ़ोर्स के प्रमुख इब्राहिम मुहम्मद क़बीसी की भी मौत हुई है. इनके अलावा दूसरे वरिष्ठ कमांडरों की भी मौत हुई है.
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).