भारत के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। वह आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में बल्लेबाजों में 32 स्थानों की छलांग लगाकर 32वें पायदान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज ईशान की कमबैक सीरीज थी और उसमें उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, पाकिस्तान के सैम अयूब टी20 के नंबर एक ऑलराउंडर बन गए हैं। अयूब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन फॉर्म में दिखे हैं। 
कमबैक सीरीज में ईशान की तूफानी बल्लेबाजी
ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी की। वह चार मैचों में खेले और 8, 76, 28 और 103 रन की पारियां खेलीं। शीर्ष क्रम में उनके तूफानी फॉर्म की वजह से भारत ने टी20 विश्व कप से पहले अपनी आखिरी सीरीज में 4-1 से जीत हासिल की। टी20 के शीर्ष-10 बल्लेबाजों की रैंकिंग में हल्का फेरबदल हुआ है। अभिषेक शर्मा शीर्ष पर कायम हैं। उनके 917 रेटिंग अंक हैं, जो दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड के फिल सॉल्ट (834) से काफी ज्यादा हैं। 
बटलर-निसांका को भी हुआ रैंकिंग में फायदा
वहीं, इंग्लैंड के जोस बटलर ने एक स्थान की छलांग लगाई और तीसरे स्थान पर पहुंच गए। श्रीलंका के ओपनर पथुम निसांका एक पायदान ऊपर चढ़कर पांचवें और सूर्यकुमार यादव भी एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गए। तिलक वर्मा को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज नहीं खेलने का नुकसान हुआ। वह एक स्थान के नुकसान के साथ तीसरे से चौथे पायदान पर पहुंच गए। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान दो स्थान के नुकसान के साथ सातवें स्थान पर पहुंचे। न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट एक स्थान के फायदे के साथ नौवें और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श एक स्थान के नुकसान के साथ 10वें पायदान पर पहुंच गए। ट्रेविस हेड आठवें स्थान पर काबिज हैं। 
रिकेल्टन को शानदार फॉर्म का मिला इनाम
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में इस समय टॉप-11 के भीतर सात अलग-अलग देशों के खिलाड़ी शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के रेयान रिकेल्टन 42 स्थानों की छलांग के साथ 40वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन 16 स्थानों की छलांग के साथ 14वें स्थान पर पहुंच गए। दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक 15 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 22वें स्थान पर पहुंच गए। 
सैम अयूब बने नंबर-1 ऑलराउंडर
पाकिस्तान के युवा ओपनर सैम अयूब ने आईसीसी पुरुष टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में फिर से नंबर-एक स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने यह मुकाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद पाया। पाकिस्तान ने इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से सूपड़ा साफ किया, जिसके बाद अयूब ने जिम्बाब्वे के अनुभवी सिकंदर रजा को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर वापसी की। 23 वर्षीय सैम अयूब ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 119 रन बनाए और तीन विकेट भी झटके। उनका यह ऑलराउंड योगदान टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले पाकिस्तान के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला साबित हुआ है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).