रिपोर्ट : LegendNews
ईशा अंबानी की रिलायंस रिटेल बनी दुनिया की 7वीं सबसे मूल्यवान निजी स्टार्टअप कंपनी
रिलायंस ग्रुप की ईशा अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी है रिलायंस रिटेल। यह कंपनी दुनिया की सबसे मूल्यवान निजी स्टार्टअप कंपनियों की वैश्विक सूची में 7वें स्थान पर पहुंच गई है। इसका खुलासा स्टैनफोर्ड ग्रैजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस की एक रिसर्च में हुआ है। इसका वैल्यूएशन $100 Billion को पार कर गया है।
टॉप 100 में भारत की 3 कंपनियां
इस रिसर्च के अनुसार, रिलायंस रिटेल $100 अरब से अधिक के वैल्यूएशन के साथ कंपनी ने वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यही नहीं, पहली 100 मूल्यवान स्टार्टअप कंपनियों की सूची में तीन भारतीय कंपनियां शामिल हुई हैं। इस सूची में रिलायंस रिटेल ने सबसे ऊंची रैंकिंग हासिल की है। अब यह कंपनी दुनिया की उन सात कंपनियों में शामिल हो गई है जिन्हें ‘हेक्टाकॉर्न’ कहा जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक इस सूची में भारत की जो तीन कंपनियां शामिल हैं, उनमें रिलायंस रिटेल के अलावा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE India) 24 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ 27वें स्थान पर है जबकि टाटा ईवी मोबिलिटी 9 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ 93वें स्थान पर है।
हेक्टाकॉर्न का मतलब क्या है
वैसे स्टार्टअप्स जिनका वैल्यूएशन $100 Billion को पार कर जाती है उन्हें हेक्टाकॉर्न के नाम से जाना जाता है। इस सूची की शीर्ष सात कंपनियों में रिलायंस रिटेल एकमात्र ऐसी कंपनी है, जिसका संबंध रिटेल सेक्टर से है। इस कंपनी को कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, केकेआर, सिल्वरलेक, जीआईसी, टीपीजी और मुबाडाला जैसे प्रमुख वैश्विक निवेशकों से निवेश प्राप्त हुआ है। निवेशकों द्वारा लगाई गई कंपनी की कीमत को ही रैकिंग का प्रमुख आधार माना गया है।
सूची के शीर्ष तीन में कौन
स्टैनफर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस की वेंचर कैपिटल इनीशिएटिव की रिसर्च से तैयार इस रैंकिंग का आधार जनवरी 2026 तक के आंकड़ें हैं। इस सूची में पहले तीन स्थान पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ओपनएआई, एलन मस्क की स्पेसएक्स और एंथ्रोपिक शामिल हैं। इस सूची में अमेरिका 65 कंपनियों के साथ सबसे आगे है, जबकि चीन की 21 कंपनियां शामिल हैं। भारत और ब्रिटेन की तीन-तीन कंपनियों ने सूची में जगह बनाई है।
-Legend News

Recent Comments