सिनेमा प्रेमियों के लिए खुशखबरी है क्योंकि लगभग 25 साल पुरानी एक फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' यूट्यूब पर रिलीज हो गई है। इस फिल्म में दिवंगत इरफान खान विद्या बालन के साथ नजर आए थे। विद्या ने अपने करियर की शुरुआत में ही यह फिल्म की थी, जो दो दशकों से अधिक समय तक ठंडे बस्ते में पड़ी रही, लेकिन लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रिलीज हो रही है।
सार्थक दासगुप्ता की लिखित और निर्देशित और नीना, सार्थक दासगुप्ता की बनाई यह फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' इरफान खान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि के रूप में रिलीज की गई है, जिससे इसकी रिलीज में एक और भावुकता जुड़ गई है।
25 साल बाद रिलीज हुई 'द लास्ट टेनेंट'
यह फिल्म दो दशकों से अधिक समय तक ठंडे बस्ते में पड़ी रही, क्योंकि सार्थक को रिलीज मिलने का इंतजार करते-करते फिल्म की फुटेज खो गई थी। हाल ही में उन्हें इसकी एक वीएचएस कॉपी मिली। यह सार्थक की पहली फिल्म भी है। इंजीनियरिंग और एमबीए करने के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी और फिल्म निर्माता बनने का फैसला किया। बाद में सार्थक ने नेटफ्लिक्स ओरिजिनल 'म्यूजिक टीचर', अमोल पालेकर और रिंकू राजगुरु की '200 हल्ला हो' और 'धारावी बैंक' जैसी वेब सीरीज बनाईं।
डायरेक्टर सार्थक दासगुप्ता की पहली फिल्म
फिल्म की रिलीज तक के लंबे सफर पर सोचते हुए डायरेक्टर सार्थक दासगुप्ता ने कहा, 'मैं बिल्कुल नया था और मुझे बहुत कुछ सीखना था। मैं किसी का सहायक नहीं रहा था। मैं फिल्म स्कूल नहीं गया था। किताबें मंगवाने के लिए अमेजन नहीं था, ट्यूटोरियल देखने के लिए यूट्यूब नहीं था। सिर्फ अपने अंतर्ज्ञान से प्रेरित होकर मैंने एक सफर शुरू किया था, तब भी मुझे यकीन नहीं था कि मेरा करियर बन पाएगा। अब इस फिल्म को इरफान को श्रद्धांजलि के रूप में रिलीज करना इसे और भी भावुक बना देता है। ऐसा लगता है जैसे मैं किसी भूले हुए सपने को फिर से जी रहा हूं।' 
विद्या बालन ने जाहिर की खुशी
विद्या बालन ने भी फिल्म की रिलीज पर गहरी बात की। उन्होंने कहा, 'द लास्ट टेनेंट को आखिरकार दर्शकों तक पहुंचते देखना किसी सपने जैसा लगता है। मैं बस शुरुआत कर रही थी, अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही थी। इरफान के साथ काम करना तब भी बेहद खास था, और अब तो और भी ज्यादा, क्योंकि यह एकमात्र मौका था जब मुझे उनके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला।' 
'द लास्ट टेनेंट' की कहानी और कास्ट
'द लास्ट टेनेंट' की कहानी एक परेशान संगीतकार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देश छोड़ने से पहले एक सुनसान घर में शरण लेता है। इसी में विद्या बालन और इरफान की केमेस्ट्री देखने को मिलती है। फिल्म में इनके अलावा अन्नू खंडेलवाल, सौरभ अग्रवाल, सब्या साची, सतीश कालरा और आनंद मिश्रा भी हैं।
रिलीज के दो दिनों में मिले 2 लाख व्यूज
यह फिल्म सार्थक की कंपनी 'द सॉल्ट इंक' के तहत रिलीज हुई है। रिलीज के तीन दिनों के भीतर ही यूट्यूब पर इसके व्यूज लगभग 2 लाख तक पहुंच चुके हैं। इरफान खान के फैंस के लिए इस रिलीज का भावनात्मक महत्व और भी बढ़ गया है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).