रिपोर्ट : LegendNews
ईरानी एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी ने अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने का मनाया जश्न
सैक्रेड गेम्स', 'अभय', 'रणनीति: बालाकोट एंड बियॉन्ड' और 'तेहरान' जैसी वेब सीरीज में नजर आईं ईरानी एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी ने ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच हो रही जंग पर रिएक्ट किया है। साथ ही ईरान के ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने पर खुशी जाहिर की है। एलनाज नौरोजी ने ईरान की आजादी का जश्न मनाते हुए कहा कि इसका वह और सभी ईरानी पिछले 47 साल से इंतजार कर रहे थे। एलनाज नौरोजी ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक्ट्रेस कह रही हैं कि अगर इस युद्ध में किसी सिविलियन की मौत होती है, तो सिर्फ ईरान की सरकार इसके लिए जिम्मेदार होगी, क्योंकि 47 साल से वही लोगों पर जुल्म करती आ रही है।
इस वक्त ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तगड़ा युद्ध चल रहा है। शनिवार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर मिसाइलों से हमला कर दिया। जवाब में ईरान ने भी मिडल ईस्ट समेत कई अमेरिकी हवाई अड्डों को निशाना बनाया। अमेरिका और इजरायल के मिसाइल हमले में ईरान के लीडर खामेनेई की भी मौत हो गई। ईरान ने भी इसकी पुष्टि कर दी। पूरे देश में राजकीय शोक का ऐलान कर दिया गया है। लेकिन खामेनेई की मौत पर एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी ने खुशी जताई है।
खामेनेई के मारे जाने पर खुश एलनाज नौरोजी- 47 साल से इंतजार था
उन्होंने जारी युद्ध के कुछ वीडियोज इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए। उन्होंने खामेनेई के मारे जाने वाली एक खबर शेयर कर उस पर Thank You लिखा है। एलनाज ने एक और वीडियो शेयर किया है, और उसके साथ लिखा है, 'इस न्यूज पर तो हमें बिल्कुल भी विश्वास नहीं हो रहा है। इसका हम पिछले 47 साल से इंतजार कर रहे थे। खामेनेई मारा गया। भगवान बहुत महान हैं।' इसके साथ ही एलनाज नौरोजी ने हंसते हुए इमोजी भी बनाए।
एलनाज नौरोजी ने बताए ईरान में युद्ध के हालात
सिर्फ एलनाज नौरोजी ही नहीं, बल्कि ईरान में कई महिलाएं खामेनेई के मारे जाने पर खुश होती नजर आईं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें ईरान के नागरिक और महिलाएं खुशी जता रही हैं। एलनाज नौरोजी ने भी इसका एक वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है। इसके अलावा उन्होंने एक और वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमें बताया है कि ईरान में क्या चल रहा है। उन्होंने बताया कि वह टीवी पर लगातार युद्ध की खबरें देख रही हैं। शेयर किए गए वीडियो में एलनाज बोलीं, 'बहुत से लोग मुझे मैसेज भेज रहे हैं और कह रहे हैं कि ईरान में युद्ध शुरू हो गया है। मैं एक बहुत ही जरूरी बात कहना चाहती हूं, जो हर किसी को जाननी चाहिए, क्योंकि आपमें से ज्यादातर लोग वास्तव में नहीं जानते कि ईरान में क्या चल रहा है। आप जानते नहीं हैं और फिर जब उस पर टिप्पणी करते हैं, तो इशूज हो जाते हैं।'
एलनाज बोलीं, आम नागरिक मरा तो ईरान की सरकार जिम्मेदार
एलनाज नौरोजी आगे कह रही हैं, 'अगर इस युद्ध में कोई भी मरता है, अगर कोई भी नागरिक मरता है, तो सत्ता ही नहीं, सत्ता के सभी लोगों को खत्म कर देना चाहिए। वो पिछले 47 साल से ईरानियों पर अत्याचार कर रहे हैं। उन्होंने सचमुच ईरान पर कब्जा कर रखा है। ईरानी पिछले 47 साल से कहते आ रहे हैं कि हमें तुम्हारी जरूरत नहीं है। पिछले दो महीनों में स्थिति और भी बदतर हो गई है और वो सभी मारे गए हैं, आप आंकड़े भी जानते हैं। इसलिए अगर इस युद्ध में कोई भी आम नागरिक मारा जाता है, तो इसके लिए ईरान की सरकार ही जिम्मेदार होगी, क्योंकि लोग इतने साल से खुलकर बोल रहे हैं, सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, पर वो नहीं गए और सत्ता में बने रहे। वो अमेरिका और इजरायल को खत्म करने के लिए परमाणु शक्ति बनाते रहे।'
ईरान से 8 साल की उम्र में भाग गई थीं एलनाज, रिफ्यूजी कैम्प में पड़ा रहना
मालूम हो कि एलनाज नौरोजी ने हमेशा ही ईरान की आजादी के लिए निडर होकर आवाज उठाई है और बेबाकी से अपनी बात रखती नजर आई हैं। एलनाज जब 8 साल की थीं, तो ईरान से भागकर जर्मनी चली गईं। शुरुआत में उन्हें रिफ्यूजी कैम्प में दिन काटने पड़े, जहां लाइन में खड़े होने के बाद खाने के लिए सिर्फ एक अंडा और एक आलू मिलता था। इस बारे में एलनाज नौरोजी ने साइरस ब्रोचा को दिए इंटरव्यू में बताया था। एलनाज ने बताया था कि उन्होंने 14 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। उनका परिवार अमीर नहीं था, और फिर ईरान से भागकर जर्मनी गए तो वहां भी एक छोटे से कमरे में गुजारा करना पड़ा था। एलनाज ने बताया था कि जब वह पैदा हुई थीं, तो उनके माता-पिता को तहखाने में रहना पड़ा था।
एलनाज नौरोजी का एक्टिंग करियर और बॉलीवुड का सफर
एलनाज नौरोजी के एक्टिंग करियर की बात करें तो उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था। हालांकि, उन्होंने पहले पढ़ाई पूरी की, जर्मन समेत 7 भाषाएं सीखीं और फिर पाकिस्तानी फिल्म से एक्टिंग डेब्यू किया। एलनाज ने और भी फिल्में और शोज किए, पर उन्हें पॉपुलैरिटी वेब सीरीज 'सेक्रेड गेम्स' से मिली। इसके बाद उन्होंने कई हिंदी वेब सीरीज और बॉलीवुड फिल्में की हैं।
-Legend News

Recent Comments