रिपोर्ट : LegendNews
ईरान की खाड़ी देशों को चेतावनी, अगर किसी सैन्य कार्रवाई में सहयोग किया तो...
ईरान ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ किसी भी सैन्य कार्रवाई में सहयोग किया या अपनी ज़मीन का इस्तेमाल करने दिया, तो उन्हें निशाना बनाया जाएगा.
अमेरिका की ओर से हुए ताज़ा हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को ये चेतावनी जारी की है.
ईरान के सरकारी मीडिया में जारी बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा, युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर हुए अभी केवल 25 दिन ही हुए हैं, लेकिन अमेरिका ने खुले तौर पर समझौते के लगभग सभी प्रावधानों का उल्लंघन किया है.
विदेश मंत्रालय का दावा है कि अमेरिकी हमलों में ईरान के परिवहन नेटवर्क, मछली पकड़ने वाली नौकाओं, मालवाहक जहाज़ों, मौसम विभाग की इमारतों और अन्य सरकारी सुविधाओं को निशाना बनाया गया. मंत्रालय ने इसे गंभीर युद्ध अपराध बताया.
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि पड़ोसी देशों की ज़िम्मेदारी है कि वे अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत किसी भी हमलावर देश को अपनी ज़मीन या सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने की अनुमति न दें.
ईरान ने कहा कि उसके ख़िलाफ़ हमलों में शामिल या मदद करने वाली हर जगह को उसकी सेना जवाबी कार्रवाई में निशाना बनाएगी.
-Legend News

Recent Comments