उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर से अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के लिए ईरान जंग को वजह बताने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है.
ईरान जंग को हार की वजह के सवाल पर ट्रंप ने कहा, मेरा मानना है कि यह बात काफ़ी हद तक सही है, क्योंकि इसकी वजह से कुछ समय के लिए पेट्रोल की क़ीमतें थोड़ी बढ़ गई थीं. लेकिन इसके बावजूद, अगर मुझे दोबारा ऐसा करना पड़े, तो मैं फिर करूंगा. क्योंकि लंबे समय के लिहाज से यही एकमात्र रास्ता है.
आप ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते. आपके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है. मुझे लगा था कि तेल की क़ीमतें इससे कहीं ज़्यादा बढ़ेंगी और मैंने इसी आधार पर यह फैसला लिया था. आपके पास कोई विकल्प नहीं है. आपको यह करना ही होगा.
आप ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते. वरना आज आप जो कुछ भी यहां देख रहे हैं, हो सकता है कि एक दिन उसका अस्तित्व ही न रहे.
नई राजनीतिक स्थिति को लेकर उन्होंने कहा, मैं डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करूंगा, जब तक वे बाधा डालने की कोशिश नहीं करते. लेकिन हमारे पास वीटो की ताक़त है. हालांकि, उन्होंने पहले ही फ़ोन किया है और वे कुछ मुद्दों पर बात करना चाहते हैं.  
रो खन्ना ने कहा, सिर्फ़ ईरान जंग नहीं था रिपब्लिकन की हार का कारण 
उधर अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के नतीजे पर डेमोक्रेट नेता रो खन्ना ने अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रिपब्लिकन की हार का कारण केवल ईरान जंग ही नहीं था.
उन्होंने जेडी वेंस के बयान से सहमति जताते हुए एक्स पर लिखा, मैं इस बात से सहमत हूं कि रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह ईरान जंग है. मैं इसमें एपस्टीन मामले पर पर्दा डालने से उजागर हुए भ्रष्टाचार को भी एक वजह मानूंगा.
इसी पोस्ट में उन्होंने तीन सुझाव दिए पहला, ऐसे अस्थायी सरकारी फ़ंडिंग प्रस्ताव का समर्थन करें, जिसमें ईरान में अमेरिकी सेना की किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए फंड देने पर रोक हो. वियतनाम युद्ध की तरह ईरान जंग भी ख़त्म करें. दूसरा, इसराइल को दी जाने वाली सभी सहायता पूरी तरह बंद करने का समर्थन करें. 
उनका तीसरा सुझाव है कि राज्य के अटॉर्नी जनरल को उन लोगों के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाने का अधिकार दिया जाए जिन्होंने नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया और उनकी तस्करी की.
उन्होंने जेडी वेंस के पोस्ट को साझा करते हुए पूछा, क्या अब आप वास्तव में इन तीनों में से किसी भी प्रस्ताव पर अमल करेंगे?
जेडी वेंस ने चुनाव के परिणामों का विश्लेषण करते हुए एक लंबा पोस्ट किया और ट्रंप से दूर हुए वोटरों को वापस लाने के लिए चार सुझाव दिए.
उन्होंने लिखा- पहला जंग ख़त्म हो, दूसरा, महंगाई और जीने की लागत पर ध्यान दिया जाए, तीसरा, अमेरिका फ़र्स्ट की नीति अपनाई जाए और चौथा, इसराइल के साथ अपने संबंधों में बदलाव किया जाए. 
-Legend News 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).